
मुंबई। अंधेरी (पश्चिम) स्थित इंडियन मोशन पिक्चर्स प्रोड्यूसर एसोसिएशन (IMPA) के प्रेक्षागृह में 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अवार्ड किंग डॉ. कृष्णा चौहान द्वारा आयोजित बॉलीवुड लीजेंड फिल्म फेस्टिवल धूमधाम से संपन्न हुआ। इस आयोजन में भारतीय सिने जगत के चर्चित अभिनेता सुरेंद्र पाल, दीपक पराशर, रमेश गोयल, सिंगर दीपा नारायण झा, शबाब साबरी, संगीतकार दिलीप सेन, डॉ. मुस्तफा यूसुफ अली गोम, अभिषेक खन्ना, गीतकार दीपक देसाई और ब्राइट आउटडोर मीडिया के प्रतिनिधि सहित अनेक हस्तियां शामिल हुईं। कार्यक्रम की शुरुआत हिंदी फिल्म “महायोगी” की स्क्रीनिंग से हुई। इसके बाद कई शॉर्ट फिल्में, डॉक्यूमेंट्री और म्यूजिक वीडियो प्रदर्शित किए गए। जूरी सदस्यों ने सर्वश्रेष्ठ फिल्म, एल्बम और उनकी टीमों को सम्मानित भी किया।
म्यूजिक वीडियो लॉन्च और गीतों का संगम
इस अवसर पर साउथ इंडस्ट्री के अभिनेता धनुष राशिंकर का “योलो जीलो” म्यूजिक वीडियो लॉन्च किया गया। इसे प्रसिद्ध गायक जावेद अली ने आवाज़ दी है और टी-सीरीज़ से रिलीज़ किया गया। इस गीत के संगीतकार श्री प्रताप सौंदर, गीतकार नीतू सैनी और धनुष राशिंकर हैं जबकि कैमरा वर्क अनुभवी कैमरामैन सेबेस्टियन ने किया। निर्देशक आदत एमपी और निर्माता-नायक धनुष राशिंकर के साथ नीतू सोमेश फीमेल लीड के रूप में नजर आईं। इसके अलावा गीतकार दीपक देसाई का लिखा “जय जय महाराष्ट्र” गीत भी लॉन्च किया गया। इसे संगीतकार दिलीप सेन ने संगीतबद्ध किया और गायक शबाब साबरी ने स्वर दिया। इस वीडियो का निर्देशन डॉ. कृष्णा चौहान ने किया। यह गीत दीपक देसाई की पुस्तक “यादों के गुब्बारे” में भी प्रकाशित है। साथ ही गायक एन.के. नरेश का गीत “जोड़ दे दिल से दिल की कड़ी” भी लॉन्च किया गया, जिसके संगीतकार दिलीप सेन और गीतकार सत्यप्रकाश रहे। इस गीत का निर्देशन भी डॉ. कृष्णा चौहान ने किया।
सम्मान और विशेष आकर्षण
फेस्टिवल के दौरान विशिष्ट अतिथियों के अलावा निर्माता सी.डी. शेटे, ब्राइट आउटडोर मीडिया के प्रतिनिधि, शिरीन फरीद, कोरियोग्राफर दिलीप मिस्त्री, भेरु जैन को भी सम्मानित किया गया। गीतकार विक्की नागर, पब्लिसिटी डिज़ाइनर आर. राजपाल और लेखक पी.के. गुप्ता भी इस मौके पर मौजूद थे। कार्यक्रम का एंकरिंग दायित्व आरजे आरती ने मनमोहक अंदाज में निभाया। फेस्टिवल के आयोजक और कृष्णा चौहान फाउंडेशन (KCF) के संस्थापक/संचालक डॉ. कृष्णा चौहान ने अतिथियों को भगवद्गीता भेंट कर समारोह को और अधिक गरिमामय बना दिया।




