
मुंबई। मुंबई पुलिस ने हाल ही में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 13 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की मेफेड्रोन (एमडी) ड्रग जब्त की है और पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई दक्षिण मुंबई स्थित एक परिसर में छापेमारी के दौरान की गई। अधिकारियों ने बताया कि यह छापेमारी ज़ोन 6 की एंटी-नारकोटिक सेल, आरसीएफ पुलिस और महाराष्ट्र आतंकवाद निरोधक दस्ते (ATS) की संयुक्त टीम द्वारा की गई। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस वर्ष मार्च में 4.5 लाख रुपये की एमडी के साथ गिरफ्तार किए गए एक आरोपी की पूछताछ के दौरान इस रैकेट से जुड़े अन्य आरोपियों के बारे में अहम जानकारी सामने आई। इन जानकारियों के आधार पर पुलिस ने एक विशेष अभियान शुरू किया, जिसके तहत दक्षिण मुंबई में स्थित एक स्थान से 6.6 किलोग्राम एमडी बरामद की गई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 13 करोड़ रूपए बताई जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, एमडी (मेफेड्रोन), जिसे आमतौर पर “एक्स्टसी” नाम से भी जाना जाता है, एक अत्यंत नशे की लत वाला पदार्थ है और इसका दुरुपयोग तेजी से बढ़ रहा है। इस कार्रवाई से पहले, नवी मुंबई स्थित एपीएमसी पुलिस ने भी ड्रग्स के खिलाफ एक अलग कार्रवाई में दो आरोपियों– दिनेश रमेश सालियान (37) और शिवम दयाशंकर सिंह (26) – को गिरफ्तार किया था। वे पुनीत कॉर्नर के पास बाजार परिसर में ड्रग्स बेचने के इरादे से पहुंचे थे। उनके पास से 3 लाख रूपए मूल्य का 29 ग्राम मेफेड्रोन, 65,000 रूपए की कीमत का 13 ग्राम हाइब्रिड गांजा और 28,000 रूपए की कीमत का 14 ग्राम चरस बरामद हुआ। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपी नशीले पदार्थों की आपूर्ति के स्रोत के बारे में गोलमोल जवाब देते रहे।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (NDPS) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों को संबंधित अदालतों में पेश किया गया, जहां उन्हें 20 मई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। फिलहाल, मुंबई और नवी मुंबई पुलिस इस पूरे नेटवर्क के स्रोत और इससे जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जांच को आगे बढ़ा रही है।



