
पुणे। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम आतंकवादी हमले में मारे गए पुणे के दो पर्यटकों के पार्थिव शरीर गुरुवार सुबह विमान से यहां लाए गए। पुणे के दो पर्यटक संतोष जगदाले और कौस्तुभ गणबोटे के पार्थिव शरीरों को सुबह करीब 5.30 बजे पुणे अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर लाया गया, जहां केंद्रीय नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल भी मौजूद थे। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार) के प्रमुख शरद पवार ने पहलगाम आतंकवादी हमले में मारे गए पुणे के दो निवासियों, संतोष जगदाले और कौस्तुभ गणबोटे के घर जाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। शरद पवार ने दोनों मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की।
शरद पवार ने अर्पित की श्रद्धांजलि
शरद पवार सबसे पहले संतोष जगदाले के निवास पर पहुंचे और उनके पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित किए। उन्होंने शोकसंतप्त परिजनों से मिलकर दुख व्यक्त किया। इसके बाद पवार गणबोटे के घर पहुंचे, जहां उन्होंने उन्हें श्रद्धांजलि दी और परिवार के सदस्यों से संवेदना प्रकट की।




