
पालघर। वसई-विरार क्षेत्र में बढ़ती बाइक चोरी की घटनाओं के बीच वलिव पुलिस स्टेशन की अपराध जांच इकाई ने दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है, जो महंगी मोटरसाइकिलें चुराकर स्टंट किया करते थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साहिल शाहिद अली शेख उर्फ बप्पी (20) और अरशान जाकिर सौदागर उर्फ अर्शु (22) के रूप में हुई है। दोनों आरोपी मालाड के मालवणी इलाके के रहने वाले हैं। उन्होंने 8 अप्रैल को वसई के एक पार्किंग स्थल से पल्सर बाइक चुराई थी। एपीआई सचिन सनप के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने इलाके के करीब 300 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों का सुराग लगाया और उन्हें गिरफ्तार किया। जांच में खुलासा हुआ कि दोनों आरोपी स्कूल छोड़ चुके हैं और हाई-एंड बाइक पर स्टंट करने के शौक ने उन्हें अपराध की दुनिया में धकेल दिया। पुलिस को शक है कि आरोपी चोरी की बाइक को इस्तेमाल करने के बाद उसके स्पेयर पार्ट्स अलग कर स्क्रैप में बेच देते थे, जिससे पहचान करना मुश्किल हो जाता था और बाइक की बरामदगी भी कठिन हो जाती थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 8.21 लाख रुपये मूल्य की सात चोरी की मोटरसाइकिलें और स्पेयर पार्ट्स बरामद किए हैं। उनके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 379, 201 और 34 के तहत मामला दर्ज किया गया है। तफ्तीश में यह भी सामने आया है कि आरोपी वलिव, पवई, भांडुप, दहिसर, तुलिंज, देवनार और मालवणी थानों की सीमाओं में बाइक चोरी के कई मामलों में शामिल रहे हैं।




