
देवेश प्रताप सिंह राठौर
झांसी, उत्तर प्रदेश। जिलाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में ₹50 लाख से अधिक लागत की निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति और सत्यापन को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अनुपस्थित रहने पर सिंचाई निर्माण खंड पंचम के तीन सहायक अभियंताओं और बेतवा नहर प्रखंड के एक सहायक अभियंता का वेतन रोके जाने के निर्देश दिए गए।
निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर जोर
बैठक में 18 सड़क परियोजनाओं की समीक्षा की गई, जिनकी कुल लागत 50 लाख रूपए से अधिक है। डीएम ने निर्देश दिया कि सभी पूर्ण परियोजनाओं को शासनादेशानुसार गठित कमेटी द्वारा सत्यापन के बाद ही हैंडओवर किया जाए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों का निरीक्षण संवेदनशील और सावधानीपूर्वक किया जाए। यदि निरीक्षण में गुणवत्ता विहीन कार्य पाया जाता है तो ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। डीएम ने उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम के 14 कार्यों की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई। उन्होंने पारीछा तापीय विद्युत गृह में बुद्ध बिहार विपश्यना केंद्र के कार्य की समीक्षा करते हुए इसे शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
प्रोजेक्ट अलंकार: अप्रैल तक 28 हाई स्कूलों का हैंडओवर
डीएम ने उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद द्वारा बनाए जा रहे 28 राजकीय हाई स्कूलों की समीक्षा की और निर्देश दिया कि सभी कार्य अप्रैल माह तक पूर्ण कर हस्तांतरित किए जाएं। बैठक में अनुपस्थित रहने पर सिंचाई निर्माण खंड पंचम के तीन सहायक अभियंताओं—सत्य प्रकाश दुबे, अनूप कुमार, और संजय गौतम—तथा बेतवा नहर प्रखंड के सहायक अभियंता राकेश कुमार का वेतन रोके जाने के निर्देश दिए गए।
पर्यटन स्थलों के विकास कार्यों की समीक्षा
डीएम ने माढ़ियाघाट सौंदर्यीकरण परियोजना की धीमी प्रगति पर असंतोष जताया। इस परियोजना की कुल लागत 4.66 करोड़ रूपए है, जिसमें से 3.20 करोड़ रूपए जारी किए जा चुके हैं, लेकिन अब तक केवल 1.263 करोड़ रूपए ही व्यय हुए हैं। उन्होंने कार्य में तेजी लाने और गुणवत्ता की जांच के आदेश दिए। डीएम ने लठवारा स्थित हनुमानगढ़ी मंदिर और बरुआसागर किला बस स्टैंड अपग्रेडेशन कार्यों की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त की और निर्देश दिया कि सभी पर्यटन कार्य वर्षा काल से पहले पूरे कर लिए जाएं। डीएम ने यूपीपीसीएल के निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि यदि गुणवत्ता दोयम दर्जे की पाई गई तो उसे तत्काल ठीक कराया जाए, अन्यथा कार्यवाही की जाएगी। इस बैठक में जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी (भवन) दीपांकर चौधरी, पीडी डीआरडीए राजेश कुमार, विद्युत विभाग, पर्यटन विभाग, पशुपालन विभाग, कृषि विभाग के जिला स्तरीय अधिकारी और कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारी उपस्थित रहे।




