
मुंबई। बीएमसी एच/पूर्व वार्ड के खार पूर्व में स्थित जेपी रोड और गोलीबार रोड का सीमेंट कंक्रीट निर्माण भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया है। इस कार्य का ठेका कमला कंस्ट्रक्शन को दिया गया था, जिसका निरीक्षण रोड विभाग के दुय्यम अभियंता प्रीतम माने के मार्गदर्शन में हुआ। लेकिन निर्माण कार्य में गुणवत्ता की घोर अनदेखी हुई, जिसका परिणाम यह हुआ कि रोड जगह-जगह से फट गए और गड्ढे बनने लगे। दैनिक स्वर्णिम प्रदेश ने बुधवार को घटिया निर्माण और घोटाले की खबर प्रकाशित की थी, जिसके बाद रोड विभाग (पश्चिम उपनगर) के परिमंडल-3 के कार्यकारी अभियंता संतोष पाटिल ने गुरुवार को जांच और कार्रवाई का आश्वासन दिया। संतोष पाटिल ने संवाददाता से कहा- मैने खबर को सहायक अभियंता को भेज दिया है और रिपोर्ट देने को कहा है और निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच की जाएगी। दोषी पाए जाने पर ठेकेदार और संबंधित अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अब देखना यह होगा कि संतोष पाटिल द्वारा दिया गया यह आश्वासन महज खोखला वादा साबित होता है या इस भ्रष्टाचार पर वास्तव में ठोस कार्रवाई होती है। स्थानीय नागरिकों को उम्मीद है कि इस बार दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा और जनता को न्याय मिलेगा।




