मुंबई। बांद्रा ईस्ट के बेहराम नगर स्थित मोहम्मद होटल में मामूली विवाद के बाद एक व्यक्ति ने दूसरे पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। यह घटना बुधवार और गुरुवार की दरम्यानी रात हुई और पूरी वारदात होटल के सीसीटीवी में कैद हो गई, जिसका फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। फुटेज में देखा गया कि आरोपी भीड़भाड़ वाले होटल में पीड़ित पर बार-बार चाकू से वार कर रहा था। मौके पर मौजूद होटल कर्मचारी और अन्य ग्राहक तुरंत बीच-बचाव के लिए दौड़े और घायल को बचाया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हमलावर को वहीं गिरफ्तार कर लिया। मिली जानकारी के अनुसार, निर्मलनगर पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है और जांच जारी है। पीड़ित के कंधे पर गहरे जख्म आए हैं और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।




