Wednesday, March 18, 2026
Google search engine
HomeUncategorizedसेवा, सुरक्षा व सुशासन नीति के आठ वर्ष पूर्ण होने पर भव्य...

सेवा, सुरक्षा व सुशासन नीति के आठ वर्ष पूर्ण होने पर भव्य कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा

देवेश प्रताप सिंह राठौर
झांसी, उत्तर प्रदेश। मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह ने प्रदेश के सेवा, सुरक्षा व सुशासन की नीति के आठ वर्ष पूरे होने के अवसर पर प्रदेश मुख्यालय एवं सभी जनपदों में 25, 26 और 27 मार्च को आयोजित होने वाले विविध कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मंडलायुक्तों एवं जिलाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और कार्यक्रमों को‘यूपी: भारत सरकार का ग्रोथ इंजन’ थीम के तहत भव्य और व्यापक पैमाने पर आयोजित करने का आह्वान किया।
तीन दिवसीय कार्यक्रम की थीम और आयोजन की योजना
मुख्य सचिव ने बताया कि तीन दिवसीय कार्यक्रम को अन्नदाता किसान की समृद्धि, महिला सशक्तिकरण, अवसंरचना विकास, युवा एवं रोजगार, हस्तशिल्प एवं ओडीओपी, सुरक्षित उद्यमी-समृद्ध व्यापार और अंत्योदय से सर्वोदय जैसी प्रमुख थीम पर आधारित किया जाएगा। उन्होंने सभी कार्यक्रमों को पिछले 8 वर्षों की सेवा, सुरक्षा और सुशासन की उपलब्धियों से जोड़कर जनता तक शासन की सफलता की जानकारी पहुंचाने पर विशेष जोर दिया।
प्रदर्शनी और जागरूकता अभियान पर जोर
मुख्य सचिव ने कहा कि जनपद मुख्यालय, विधानसभा और विकासखंड स्तर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में प्रदेश सरकार की उपलब्धियों पर आधारित भव्य प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इस प्रदर्शनी में स्थानीय परियोजनाओं, नई औद्योगिक इकाइयों, एक्सप्रेसवे, मेडिकल कॉलेज, हॉस्पिटल, कॉलेज आदि की उच्च गुणवत्ता वाली तस्वीरें प्रदर्शित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि हर विभाग के स्टॉल पर संबंधित योजनाओं की जानकारी वाली पुस्तिकाएं होनी चाहिए और आवेदन प्रक्रिया जारी योजनाओं के फार्म भरने की व्यवस्था भी वहीं की जाए।
स्थानीय सांस्कृतिक कार्यक्रम और लाभार्थियों को सम्मान
मुख्य सचिव ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन में स्थानीय कलाकारों को वरीयता देने और सत्रों के अंतराल में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लाभार्थियों को टूल किट, चेक, कार्ड आदि का वितरण स्थानीय जनप्रतिनिधियों के माध्यम से कराया जाए।
सीएम युवा योजना और ऋण मेले पर विशेष फोकस
मुख्य सचिव ने सीएम युवा योजना के तहत अधिक से अधिक युवाओं के आवेदन भरवाने और स्वीकृति पत्र व चेक के वितरण को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। जनपदीय बैंकर्स कमेटी की बैठक जल्द आयोजित कर ऋण मेले के आयोजन की योजना को अंतिम रूप दिया जाए। पुलिस महानिदेशक प्रशांत कुमार ने पुलिस की पिछले 8 वर्षों की सफलताओं को प्रदर्शित करने और प्रयागराज महाकुंभ के सफल आयोजन पर केंद्रित लघु फिल्म का प्रदर्शन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने तीनों नए कानूनों के बारे में जनजागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया। मुख्य सचिव ने कहा कि जनपद स्तर पर सीडीओ, एडीएम या एसडीएम स्तर के अधिकारियों को नोडल अधिकारी नामित किया जाए ताकि कार्यक्रमों का सुचारू संचालन सुनिश्चित हो सके।
विभिन्न विभागों के प्रमुख अधिकारी रहे उपस्थित
बैठक में प्रमुख सचिव कृषि रवींद्र, प्रमुख सचिव सूचना संजय प्रसाद, प्रमुख सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य पार्थसारथी सेन शर्मा, प्रमुख सचिव महिला एवं बाल विकास श्रीमती लीना जौहरी, मंडलायुक्त झांसी बिमल कुमार दुबे, जिलाधिकारी झांसी अविनाश कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्रीमती सुधा सिंह, मुख्य विकास अधिकारी जुनैद अहमद सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments