
मुंबई। उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में अब छत्रपति शिवाजी महाराज का भव्य स्मारक बनेगा। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की इच्छा के अनुरूप महाराष्ट्र सरकार ने इसके लिए आधिकारिक आदेश (जीआर) जारी कर दिया है।
मुख्यमंत्री फडणवीस ने हाल ही में आगरा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा था कि जिस स्थान पर छत्रपति शिवाजी महाराज को नजरबंद किया गया था, वहां एक भव्य स्मारक बनना चाहिए। महाराष्ट्र सरकार ने इस पर तुरंत कदम उठाते हुए घोषणा की कि वह उस ऐतिहासिक स्थल को अधिग्रहित करेगी और वहां भव्य स्मारक का निर्माण करेगी।
पर्यटन विभाग करेगा फंडिंग
सरकार द्वारा जारी आदेश के अनुसार, इस परियोजना के लिए आवश्यक धन महाराष्ट्र के पर्यटन विभाग द्वारा प्रदान किया जाएगा। आदेश में उल्लेख किया गया कि शिवाजी महाराज ने आगरा में मुगलों की कैद से अपनी चतुराई और साहस के बल पर निकलकर इतिहास रचा था। जब महाराष्ट्र के लोग आगरा जाते हैं, तो उन्हें वहां शिवाजी महाराज से जुड़ा कोई स्मारक नहीं दिखाई देता। इसे देखते हुए सरकार ने इस ऐतिहासिक पहल का निर्णय लिया। फडणवीस ने आगरा की जनसभा में 19 फरवरी 2025 को कहा था कि मां कसम, एक बार यह स्मारक बन गया, तो आपके ताजमहल से ज्यादा लोग छत्रपति शिवाजी महाराज का यह स्मारक देखने आएंगे। नहीं आए तो मेरा नाम बदल देना, मेरा नाम देवेंद्र फडणवीस नहीं रहेगा। इस ऐतिहासिक निर्णय से महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश के बीच सांस्कृतिक संबंध और गहरे होंगे, साथ ही आगरा को एक नई ऐतिहासिक पहचान मिलेगी।




