
मुंबई। महाराष्ट्र के राज्यपाल सी.पी. राधाकृष्णन ने बीकेसी, मुंबई के एमसीए क्लब मैदान में गुरुवार को आयोजित समारोह में मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) के विभिन्न वार्षिक पुरस्कार प्रदान किए। इस अवसर पर राज्यपाल ने दिवंगत क्रिकेटर पद्माकर शिवालकर के परिवार को सम्मानित किया। इसके साथ ही उन्होंने 2023 की रणजी ट्रॉफी चैंपियनशिप जीतने वाली टीम और सीनियर महिला टी20 जीतने वाली टीम को भी पुरस्कृत किया। समारोह में एमआईजी क्लब के संस्थापक प्रवीण बर्वे, पूर्व क्रिकेटर डायना एडुल्जी और पूर्व क्रिकेट प्रशासक प्रो. रत्नाकर शेट्टी को लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार से सम्मानित किया गया। हालांकि, चौथे पुरस्कार विजेता दिलीप वेंगसरकर कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके। राज्यपाल ने विक्ट्री क्रिकेट क्लब, पुलिस शील्ड के आयोजकों, वसई कोल्ट्स इंटर स्कूल टूर्नामेंट के आयोजकों, कर्नाटक स्पोर्टिंग एसोसिएशन, बॉम्बे जिमखाना, मुंबई स्कूल स्पोर्ट्स एसोसिएशन, और दादर पारसी जोरास्ट्रियन क्रिकेट क्लब के प्रतिनिधियों को भी सम्मानित किया। इस समारोह में सूचना प्रौद्योगिकी एवं सांस्कृतिक मामलों के मंत्री आशीष शेलार, मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष अजिंक्य नाइक, मिलिंद नार्वेकर, साथ ही कई वर्तमान एवं पूर्व क्रिकेटर और प्रशासक उपस्थित थे।




