
मुंबई। महाराष्ट्र में दिशा सालियान मौत मामला एक बार फिर सुर्खियों में है। भाजपा नेता और महाराष्ट्र सरकार में मंत्री नितेश राणे ने गुरुवार को इस केस में सनसनीखेज दावा किया। उन्होंने आरोप लगाया कि महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने उनके पिता, भाजपा नेता नारायण राणे, को फोन कर आदित्य ठाकरे को बचाने की अपील की थी। मीडिया से बातचीत में नितेश राणे ने कहा, यह कोई राजनीतिक आरोप नहीं है। अगर हमारे आरोप झूठे हैं तो उद्धव ठाकरे ने राणे साहब को फोन कर यह क्यों कहा, ‘इस मामले में मेरे बेटे को बचाओ’? उन्होंने दो बार फोन करके ऐसा कहा। राणे ने आगे कहा कि अगर विपक्ष यह मानता है कि भाजपा मामले को राजनीतिक रंग दे रही है, तो उन्हें इन आरोपों का जवाब देना चाहिए।
दिशा सालियान के पिता ने की नई जांच की मांग
इससे पहले, दिशा सालियान के पिता सतीश सालियान ने बॉम्बे हाईकोर्ट में एक नई याचिका दायर कर उनकी बेटी की मौत की फिर से जांच की मांग की थी। उन्होंने अदालत से शिवसेना (यूबीटी) नेता आदित्य ठाकरे के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) को सौंपने का आग्रह किया है।
शिवसेना सांसद नरेश म्हस्के का बयान
शिवसेना सांसद नरेश म्हस्के ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा, दिशा के पिता ने अपनी याचिका में कहा है कि उन पर दबाव डाला जा रहा था और कई सबूत छिपाए गए थे। उन्होंने एकता कपूर, डिनो मोरिया और आदित्य पंचोली जैसे नामों का जिक्र किया है और उनके फोन रिकॉर्ड की जांच की मांग की है। दिशा सालियान की मौत 2020 में हुई थी, और उस समय यह मामला सुशांत सिंह राजपूत की मौत से भी जुड़ा हुआ बताया गया था। अब, इस मामले के फिर से गरमाने से महाराष्ट्र की सियासत में उबाल आ गया है।




