
मुंबई। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गुरुवार को विधानसभा में घोषणा की कि गौ-हत्या और गौ-तस्करी के मामलों में बार-बार अपराध करने वालों के खिलाफ महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के विधायक संग्राम जगताप ने ध्यानाकर्षण सूचना के माध्यम से यह मुद्दा उठाया और ऐसे मामलों में आरोपी अतीक कुरैशी का उल्लेख करते हुए कठोर कार्रवाई की मांग की। गृह राज्य मंत्री (ग्रामीण) पंकज भोयर ने आश्वासन दिया कि कुरैशी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी, जिसके खिलाफ अहिल्यानगर जिले में गौ-तस्करी के 20 मामले दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि कुरैशी को 20 जनवरी को गिरफ्तार किया गया था और 1 मार्च को जमानत पर रिहा किया गया। गृह विभाग का प्रभार संभालने वाले मुख्यमंत्री फडणवीस ने हस्तक्षेप करते हुए कहा कि इन मामलों में बार-बार अपराध करने वालों के खिलाफ मकोका लगाने के लिए पुलिस को निर्देश दिए जाएंगे।




