
मुंबई। पुणे में राज्य परिवहन निगम की बस में हुए रेप की घटना को लेकर विपक्ष ने राज्य सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार ने सवाल उठाया कि अब तक आरोपी क्यों नहीं पकड़ा गया? उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है, और अपराधियों में पुलिस का कोई डर नहीं बचा है। वडेट्टीवार ने कहा, पुणे बस डिपो में जो घटना हुई, वह महाराष्ट्र के लिए शर्मनाक है। डिपो में 15-20 सिक्योरिटी गार्ड होते हैं, फिर भी महिलाओं और बच्चों के साथ ऐसी घटनाएं हो रही हैं। इसकी जिम्मेदारी सरकार और संबंधित विभाग की बनती है। सख्त कानून जल्द से जल्द लागू किया जाना चाहिए, लेकिन ऐसा क्यों नहीं हो रहा?
आरोपी को सत्ताधारियों का संरक्षण?
विजय वडेट्टीवार ने सवाल उठाया कि आरोपी कहीं सत्ताधारी दल से जुड़ा तो नहीं है? उन्होंने कहा, आजकल जो घटनाएं हो रही हैं, उनमें सत्ता पक्ष के लोगों की संलिप्तता नजर आ रही है। यह डर है कि कहीं आरोपी किसी सत्ताधारी नेता का करीबी तो नहीं, इसलिए उसे पकड़ा नहीं जा रहा? उन्होंने बीड की घटना का भी हवाला देते हुए कहा कि महाराष्ट्र में कानून-व्यवस्था की धज्जियां उड़ रही हैं। कांग्रेस नेता ने गृहमंत्री देवेंद्र फडणवीस से कड़े एक्शन लेने की मांग की और कहा कि अगर अत्याचार की घटनाएं इसी तरह बढ़ती रहीं, तो जनता का पुलिस और कानून पर से विश्वास खत्म हो जाएगा।




