मुख्यमंत्री फडणवीस, केंद्रीय मंत्री गिरीराज सिंह और अन्य मान्यवरों की उपस्थिति

मुंबई। देश के 76 वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर राज्यपाल सी.पी.राधाकृष्णन ने रविवार की शाम राजभवन के हरे मैदान में निमंत्रितों के लिए स्वागत समारोह और चाय जलपान का आयोजन किया। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान और राज्यगान के साथ हुई। इसके बाद राज्यपाल और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सभी को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में राज्यपाल की पत्नी सुमति राधाकृष्णन, मुख्यमंत्री की पत्नी अमृता फडणवीस, केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह, विधानसभा के अध्यक्ष राहुल नार्वेकर, विधान परिषद की उपसभापति डॉ. नीला गोरे, मुंबई उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश आलोक आराध्ये, उद्योगपति अशोक हिंदुजा, प्रकाश हिंदुजा, निरंजन हीरानंदानी, विधायक अमीन पटेल, मुंबई विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. रविंद्र कुलकर्णी, एसएनडीटी महिला विश्वविद्यालय की कुलगुरु डॉ. उज्वला चक्रदेव, एचएसएनसी विश्वविद्यालय के कुलगुरु डॉ. हेमा बागला, अभिनेता जैकी श्रॉफ, पार्श्वगायक उदित नारायण, वर्षा उसगांवकर, मुख्य सचिव सुजाता सौनिक, पुलिस आयुक्त विवेक फणसाळकर, विभिन्न देशों के वाणिज्य दूत, मुंबई के पूर्व आर्चबिशप ऑस्वाल्ड ग्रेशियस और नए आर्चबिशप जॉन रॉड्रिग्स सहित कई मान्यवर उपस्थित थे। यह कार्यक्रम गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देने का एक खास अवसर रहा, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिष्ठित व्यक्तियों ने सहभागिता की।




