HomeHealth & Fitnessसीएसआर के माध्यम से 94 बाल कैंसर मरीजों को मिली नई उम्मीद,...

सीएसआर के माध्यम से 94 बाल कैंसर मरीजों को मिली नई उम्मीद, मुख्यमंत्री ने अफकॉन्स की सराहना की

मुंबई। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अफकॉन्स इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड द्वारा कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के तहत बाल कैंसर मरीजों के लिए उपलब्ध कराई गई निदान सुविधा की सराहना करते हुए कहा कि इस पहल ने 94 बच्चों और उनके परिवारों के जीवन में नई उम्मीद जगाने का प्रेरणादायी कार्य किया है। अफकॉन्स इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड ने वर्ष 2025-26 के दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्रों में सीएसआर के माध्यम से विभिन्न सामाजिक उपक्रम संचालित किए हैं। शिक्षा क्षेत्र को प्राथमिकता देने के साथ-साथ कंपनी ने स्वास्थ्य क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इसी क्रम में देशभर के कैंसर संदिग्ध बाल मरीजों के लिए त्वरित निदान सुविधा उपलब्ध कराने हेतु कंपनी ने टाटा मेमोरियल अस्पताल के माध्यम से “कैंसर संदिग्ध बाल मरीजों के लिए आपातकालीन निदान सहायता सेवा” योजना के लिए 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की है। इस सहायता के माध्यम से देश के विभिन्न हिस्सों से आए 94 बच्चों को कैंसर की समय पर जांच, निदान और आवश्यक चिकित्सीय परीक्षण उपलब्ध हो सके, जिससे उनके उपचार की प्रक्रिया में तेजी आई। मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि कैंसर जैसे गंभीर रोग में समय पर निदान अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। आर्थिक कठिनाइयों के कारण अनेक परिवार आवश्यक जांच नहीं करा पाते। ऐसे समय में अफकॉन्स द्वारा प्रदान की गई सहायता केवल आर्थिक मदद नहीं, बल्कि बच्चों के जीवन को बचाने और उनके परिवारों को मानसिक संबल देने का महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार के प्रयासों को उद्योग जगत का ऐसा सहयोग मिलता रहे, तो स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक विकास के लक्ष्यों को और अधिक तेजी से हासिल किया जा सकता है। समाज के कमजोर और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए सार्वजनिक और निजी क्षेत्र की भागीदारी को और मजबूत बनाने की आवश्यकता है। मुख्यमंत्री ने इसे कॉर्पोरेट क्षेत्र की सामाजिक जिम्मेदारी का उत्कृष्ट उदाहरण बताते हुए कहा कि अफकॉन्स ने शिक्षा के साथ-साथ महिला सशक्तिकरण और स्वास्थ्य संबंधी कार्यक्रमों में जो निवेश किया है, वह सतत विकास की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। ऐसे सीएसआर उपक्रम समाज के जरूरतमंद वर्गों के जीवन में सकारात्मक और स्थायी बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments