झांसी में 76वें गणेश महोत्सव का आगाज, भव्य कलश शोभायात्रा में उमड़े श्रद्धालु

‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारों से गूंजा शहर, विशाल गणेश प्रतिमा और आकर्षक विद्युत सज्जा बनी आकर्षण का केंद्र

झांसी, उत्तर प्रदेश। गणेश सत्संग भवन में आयोजित होने जा रहे 76वें गणेश महोत्सव के उपलक्ष्य में भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई। बुंदेलखंड कॉलेज चौराहे से शुरू हुई शोभायात्रा खंडेराव गेट स्थित गणेश सत्संग भवन पहुंची। पूरे मार्ग में ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारे गूंजते रहे और बड़ी संख्या में श्रद्धालु धार्मिक उत्साह के साथ शामिल हुए। मुख्य संचालक सीताराम कुशवाहा एवं संयोजक डॉ. सुदर्शन शिवहरे के संयोजन में निकली शोभायात्रा में भगवान गणेश की विशाल प्रतिमा विशेष आकर्षण का केंद्र रही। आकर्षक विद्युत सज्जा और विशेष रोशनी से सजी यात्रा को देखने के लिए मार्ग में भी बड़ी संख्या में लोग जुटे। शोभायात्रा में मुख्य अतिथि समाजसेवी डॉ. संदीप सरावगी और सदर विधायक रवि शर्मा के साथ देवी सिंह पहलवान, राजू कुशवाहा, ऋषि कुशवाहा, डॉ. मनमोहन मनु, महेश चंद्र कुशवाहा, मोहन कुशवाहा, बाबूजी कुशवाहा, इंजीनियर प्रेम कुमार प्रजापति, योगेश श्रीवास्तव, नितिन कुशवाहा, दीपक कुशवाहा, मनु कुशवाहा, फूलवती और रंजना सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। डॉ. संदीप सरावगी ने कहा कि गणेश महोत्सव धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ऐसे आयोजनों से समाज में आपसी भाईचारा, एकता और सद्भाव मजबूत होता है। विधायक रवि शर्मा ने गणेश महोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान गणेश विघ्नहर्ता हैं और उनकी आराधना से समाज में सकारात्मक ऊर्जा एवं संस्कारों का संचार होता है। भक्ति और उल्लास से सराबोर शोभायात्रा के गणेश सत्संग भवन पहुंचने पर श्रद्धापूर्वक स्वागत किया गया। 76वें गणेश महोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *