खार पूर्व में डेढ़ दशक से गणेशोत्सव की परंपरा निभा रहा केसरी परिवार
भागीरथी कुंज सोसायटी में पांच दिनों के लिए विराजे गणपति बप्पा, दर्शन के लिए पहुंच रहे विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता

मुंबई। मुंबई सहित पूरे देश में गणेशोत्सव की धूम है। ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारों के बीच घरों और सार्वजनिक मंडलों में विघ्नहर्ता श्रीगणेश की श्रद्धा और उत्साह के साथ आराधना की जा रही है। मुंबई के खार पूर्व में भी केसरी परिवार पिछले करीब डेढ़ दशक से गणेशोत्सव की पारिवारिक परंपरा को निरंतर आगे बढ़ा रहा है। खार पूर्व के शांतिलाल कंपाउंड स्थित भागीरथी कुंज सोसायटी में केसरी परिवार के बड़े बेटे दिनेश केसरी द्वारा हर वर्ष पांच दिनों के लिए भगवान श्रीगणेश की प्रतिमा विधि-विधान से स्थापित की जाती है। इस वर्ष भी श्रीगणेश चतुर्थी के अवसर पर दिनेश केसरी ने अपनी पत्नी, बच्चों और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ गणपति बप्पा की दिव्य प्रतिमा स्थापित कर पूजा-अर्चना की। गणेशोत्सव के दौरान परिवार में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है और आसपास के नागरिक भी बप्पा के दर्शन एवं आशीर्वाद के लिए पहुंच रहे हैं। दिनेश केसरी भारतीय जनता पार्टी से सक्रिय रूप से जुड़े हैं और स्थानीय स्तर पर विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं से भी उनके सामाजिक संबंध हैं। इसी कारण गणेशोत्सव के दौरान अलग-अलग दलों से जुड़े नेता और सामाजिक कार्यकर्ता भी उनके निवास पर पहुंचकर भगवान श्रीगणेश के दर्शन कर रहे हैं। केसरी परिवार का कहना है कि गणेशोत्सव उनके लिए केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि परिवार, समाज और आसपास के लोगों को एक साथ जोड़ने वाली वर्षों पुरानी आस्था की परंपरा है। पांच दिनों तक पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धा और उल्लास के साथ गणपति बप्पा को विदाई दी जाएगी।
