
मुंबई। मीरा-भाईंदर महानगरपालिका (एमबीएमसी) ने सभी संपत्ति धारकों के लिए महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा है कि वित्तीय वर्ष 2026-27 का संपूर्ण संपत्ति कर 30 जून 2026 से पहले जमा करने पर नागरिकों को 5 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। महानगरपालिका ने यह योजना राजस्व वृद्धि के साथ-साथ नागरिकों को समय पर कर भुगतान के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से लागू की है। महानगर पालिका प्रशासन ने बताया कि संपत्ति कर नगर निगम की आय का प्रमुख स्रोत है, जिसका उपयोग शहर में सड़क निर्माण, पानी की आपूर्ति, स्वच्छता, स्वास्थ्य सेवाएं, सार्वजनिक सुविधाएं, बुनियादी ढांचा विकास और विभिन्न नागरिक सेवाओं को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए किया जाता है। इसलिए सभी नागरिकों से समय पर संपत्ति कर जमा कर महानगरपालिका का सहयोग करने की अपील की गई है। नागरिकों की सुविधा के लिए ऑनलाइन कर भुगतान की व्यवस्था भी उपलब्ध कराई गई है। नागरिक मीरा-भाईंदर महानगरपालिका की आधिकारिक वेबसाइट, “My MBMC” मोबाइल ऐप तथा व्हाट्सएप चैटबॉट सेवा के माध्यम से घर बैठे सुरक्षित और सरल तरीके से संपत्ति कर जमा कर सकते हैं। इसके लिए नागरिक +91 9967611234 नंबर पर “Hi” संदेश भेज सकते हैं। महानगरपालिका ने यह भी बताया कि नागरिक चालू वर्ष का कर बिल भी ऑनलाइन डाउनलोड कर सकते हैं। प्रशासन ने नागरिकों से अंतिम तिथि तक भुगतान लंबित न रखने और 5 प्रतिशत छूट का लाभ उठाने की अपील की है।




