HomeArchitectureBreakingमुंबई के भूलेश्वर में 22 फीट ऊंची गणपति प्रतिमा गिरी, दो की...

मुंबई के भूलेश्वर में 22 फीट ऊंची गणपति प्रतिमा गिरी, दो की मौत, पांच घायल

जुलूस के दौरान हुआ हादसा, प्रतिमा का स्टील फ्रेम टूटने की आशंका; पुलिस ने एडीआर दर्ज कर जांच शुरू की

मुंबई। दक्षिण मुंबई के भूलेश्वर इलाके में शनिवार रात गणेशोत्सव के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। ‘भुलेश्वरचा राजा’ मित्र मंडल की करीब 22 फीट ऊंची गणपति प्रतिमा आगमन जुलूस के दौरान अचानक गिर गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। घायलों का विभिन्न अस्पतालों में उपचार जारी है।जानकारी के अनुसार, यह हादसा शनिवार रात करीब 9:50 से 10 बजे के बीच बलराम मर्चेंट रोड स्थित कबूतरखाना के पास जय अंबे चौक में हुआ। प्रतिमा को पंडाल तक लाया जा रहा था और वह गंतव्य से महज 50 से 60 मीटर पहले अचानक गिर गई।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, प्रतिमा को सहारा देने वाले स्टील फ्रेम की वेल्डिंग या बोल्ट में तकनीकी खराबी के कारण प्रतिमा का संतुलन बिगड़ गया। प्रतिमा बीच से फिसलकर तीन हिस्सों में टूट गई और जुलूस में शामिल लोग उसकी चपेट में आ गए।दो की मौत, पांच घायलहादसे में संकेत नेवशे (33) की मौत हो गई। वे ‘भुलेश्वरचा राजा’ मित्र मंडल के अध्यक्ष और शिवसेना के उपविभाग प्रमुख थे। उन्हें रिलायंस अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।दूसरे मृतक की पहचान बृजेश हेमंत जोशी (30) के रूप में हुई। उन्हें जीटी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।घायलों में वैभव घेनंद (38) और पवन चौरसिया (25) का जीटी अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं लावण्या गनेर (5), दिव्या गनेर (7) और कुणाल काशिद (26) का उपचार जेजे अस्पताल में किया जा रहा है। सभी घायलों की हालत फिलहाल स्थिर बताई गई है।राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरूहादसे की सूचना मिलते ही बीएमसी, मुंबई फायर ब्रिगेड, पुलिस, ट्रैफिक पुलिस और 108 एम्बुलेंस की टीमें मौके पर पहुंच गईं। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। बाद में क्षतिग्रस्त प्रतिमा को डंपर की मदद से विसर्जन के लिए ले जाया गया।डीबी मार्ग पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु (ADR) का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फायर ब्रिगेड के अधिकारियों के अनुसार, प्रतिमा को संभालने वाले स्टील फ्रेम की वेल्डिंग कमजोर होने की आशंका है। यह भी जांच की जा रही है कि ट्रॉली पर सवार कुछ लोग भी प्रतिमा की चपेट में आए थे या नहीं।यह मंडल इस वर्ष अपना 63वां गणेशोत्सव मना रहा था। प्रतिमा का निर्माण मूर्तिकार अनिकेत देसाई ने किया था।सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवालइस हादसे के बाद गणेशोत्सव के दौरान विशाल प्रतिमाओं की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। हर वर्ष बड़े आकार की प्रतिमाओं के आगमन और विसर्जन के दौरान लाखों श्रद्धालु शामिल होते हैं। ऐसे में विशेषज्ञों का मानना है कि प्रतिमा के स्टील फ्रेम, वेल्डिंग, ट्रॉली की क्षमता और सुरक्षा मानकों की अनिवार्य तकनीकी जांच सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके। पुलिस और प्रशासन हादसे के कारणों की जांच में जुटे हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही दुर्घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments