
मुंबई। मुंबई के घाटकोपर इलाके में होर्डिंग गिरने की दुर्घटना के बाद राज्य सरकार होर्डिंग नीति में संशोधन करने जा रही है। उद्योग मंत्री उदय सामंत ने विधानसभा में बताया कि अब तक राज्यभर में 1,09,387 खतरनाक होर्डिंग्स हटाए जा चुके हैं और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सभी नगर निगम और नगर पालिकाएं अनधिकृत और अधिकृत दोनों तरह के होर्डिंग्स का संरचनात्मक ऑडिट करेंगी। यह मुद्दा विधानसभा में सदस्य योगेश सागर ने उठाया, जिस पर विजय वडेट्टीवार, अमित साटम, जितेंद्र आव्हाड, सुभाष देशमुख, चेतन तुपे और वरुण सरदेसाई ने उप-प्रश्न पूछे।
उद्योग मंत्री उदय सामंत ने कहा कि राज्य के नगर निगमों, नगर परिषदों और नगर पंचायतों के लिए अलग-अलग विज्ञापन नीतियां बनाई गई हैं। घाटकोपर त्रासदी के बाद सभी स्थानीय प्रशासन को अनाधिकृत होर्डिंग्स तुरंत हटाने और संरचनात्मक ऑडिट करने के निर्देश दिए गए हैं। अब तक 9,026 होर्डिंग्स का ऑडिट किया गया है। इसके अलावा, ऊंचे लोहे के टावर, मोबाइल टावर, लोहे की कार पार्किंग टावर आदि का भी ऑडिट कराने का आदेश दिया गया है। 59 मामलों में अपराध दर्ज किए गए हैं। नगर निगम क्षेत्रों में 48 और अन्य नगर परिषद क्षेत्रों में 11 मामले पंजीकृत हुए हैं। राज्य मंत्री माधुरी मिसाल ने बताया कि सभी नगर निगमों की ऑडिट रिपोर्ट आ चुकी है और जल्द ही नई होर्डिंग नीति पर संशोधन कर कड़े नियम लागू किए जाएंगे।




