
उन्नाव,उत्तर प्रदेश। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बेहटा मुजावर पुलिस को एक और सफलता मिली है। पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान एक युवक को अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस सहित गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। जानकारी के अनुसार, बेहटा मुजावर थाना क्षेत्र में उपनिरीक्षक सुनील कुमार सिंह हमराह पुलिसकर्मियों के साथ संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान सचान कोट गांव के पास एक खाली पड़े होटल के निकट एक युवक संदिग्ध अवस्था में खड़ा दिखाई दिया। पुलिस टीम ने युवक को रोककर पूछताछ की और उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान युवक के कब्जे से 12 बोर का एक देशी तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सोनेलाल पुत्र छंगा निवासी ग्राम गोरिया कला थाना बेहटा मुजावर बताया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया और आवश्यक कार्रवाई के बाद अदालत में पेश कर दिया। बेहटा मुजावर थानाध्यक्ष राजकुमार ने बताया कि क्षेत्र में अपराधियों और अवैध असलहा रखने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा विशेष चेकिंग अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है।



