वनटांगिया समाज की एक सदी की उपेक्षा पर योगी का प्रहार, बोले- अब 25 करोड़ की आबादी हमारा परिवार
गोरखपुर में वनटांगिया गांव के साथ मनाई दीपावली, ₹82 करोड़ से अधिक की 52 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास

गोरखपुर, उत्तर प्रदेश। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को गोरखपुर के वनटांगिया गांव में दीपावली मनाते हुए पूर्ववर्ती सरकारों पर वनटांगिया समुदाय की दशकों तक उपेक्षा करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम ने 14 वर्ष वनवास में बिताए थे, लेकिन वनटांगिया समाज के लोगों और उनके पूर्वजों को अंग्रेजों, कांग्रेस और समाजवादी पार्टी की सरकारों ने एक सदी से अधिक समय तक जंगलों में भटकने के लिए छोड़ दिया। प्रदेश के 56 वनटांगिया गांवों की सुध लेने वाला कोई नहीं था। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 1947 में देश आजाद हो गया, लेकिन वनटांगिया गांवों के लोगों को वास्तविक आजादी नहीं मिल सकी। वे लंबे समय तक सड़क, बिजली, पेयजल, स्कूल, स्वास्थ्य सेवाओं और सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित रहे। दशकों तक इन परिवारों के नाम मतदाता सूची में भी शामिल नहीं थे। वर्ष 2017 के बाद वनटांगिया गांवों को राजस्व गांव का दर्जा देकर विकास की मुख्यधारा से जोड़ा गया। आज इन गांवों की तस्वीर बदल चुकी है और लोगों को बुनियादी सुविधाओं के साथ सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। दीपावली के अवसर पर वनटांगिया समाज के उत्थान और उनके जीवन में खुशहाली लाने के संकल्प के साथ मुख्यमंत्री ने गोरखपुर में ₹82 करोड़ से अधिक लागत की 52 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। कार्यक्रम में विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को किट, उपहार और प्रमाणपत्र भी प्रदान किए गए।
2017 से पहले अयोध्या में जय श्रीराम बोलने पर लगती थी रोक
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले अयोध्या में जय श्रीराम बोलने पर प्रतिबंध लगाया जाता था और राम मंदिर के विरोध में लोग खड़े होते थे। उस समय विपक्षी दल कहते थे कि भगवान राम हुए ही नहीं। आज वही लोग अयोध्या को बदनाम करने में लगे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद विकास कार्यों को गति मिली है। सड़क, बिजली, एयरपोर्ट और रेलवे जैसी सुविधाओं का विस्तार हुआ है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में विकास की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है और वंचित समाज को भी उसका अधिकार मिल रहा है।
नशे के सौदागरों को आबाद नहीं रहने देंगे
मुख्यमंत्री ने दीपावली पर लोगों से खुशियां साझा करने और नशे तथा जुए से दूर रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि नशा परिवारों को बर्बाद करता है, जबकि जुआ व्यक्ति को गुलाम बना देता है। माफिया के खिलाफ कार्रवाई के बाद अब नशे के कारोबारियों पर भी प्रहार किया जा रहा है। योगी ने चेतावनी देते हुए कहा कि दूसरों का जीवन बर्बाद करने वालों को आबाद नहीं रहने दिया जाएगा। युवाओं से अच्छी पढ़ाई करने की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि रोजगार और नौकरी की गारंटी सरकार लेगी।
वनटांगिया परिवारों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा
मुख्यमंत्री ने कहा कि अंग्रेजों के बाद कांग्रेस और सपा की सरकारों ने वनटांगिया परिवारों की सुध नहीं ली। प्रदेश के 56 वनटांगिया गांव लंबे समय तक बुनियादी सुविधाओं से वंचित रहे। आजादी के बाद भी इन गांवों के लोगों को सड़क, बिजली, पानी, स्कूल, राशन कार्ड और मतदान जैसे अधिकारों के लिए संघर्ष करना पड़ा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 के बाद वनटांगिया गांवों को राजस्व गांव का दर्जा देकर विकास की मुख्यधारा से जोड़ा गया। अब यहां पक्के मकान, सड़क, बिजली, पेयजल, स्कूल और सरकारी योजनाओं की सुविधाएं उपलब्ध हैं। मुख्यमंत्री ने समुदाय के लोगों से अपने संघर्ष और बदलाव की कहानी अगली पीढ़ी को बताने की अपील की।
हमारे लिए 25 करोड़ की आबादी एक परिवार
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि किसी के लिए गांधी-नेहरू परिवार और किसी के लिए सैफई परिवार ही सब कुछ हो सकता है, लेकिन उनके लिए उत्तर प्रदेश की 25 करोड़ आबादी एक परिवार है। सरकार जाति और क्षेत्र का भेदभाव किए बिना गरीब, दलित, पिछड़े और वंचित वर्गों को योजनाओं से जोड़ रही है। उन्होंने कहा कि वनटांगिया परिवारों को वोट बैंक नहीं, बल्कि अपने परिवार का हिस्सा मानकर सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। मुख्यमंत्री ने कहा, “हमारे लिए रामकाज और राष्ट्रकाज एक ही है।”
लाभार्थियों को सम्मान, बच्चों का अन्नप्राशन और दीपोत्सव
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को उपहार और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने विभागीय स्टालों का निरीक्षण किया, बच्चों का अन्नप्राशन कराया और गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की रस्म पूरी की। इसके बाद मुख्यमंत्री वनटांगिया गांव के मुखिया रामगणेश के घर पहुंचे और दीप जलाकर दीपोत्सव का शुभारंभ किया। उन्होंने गांव के लोगों से मुलाकात कर दीपावली की शुभकामनाएं दीं।
