दिवाली-छठ पर पश्चिम रेलवे ने संभाली 73 लाख यात्रियों की भीड़, उधना स्टेशन पर 2.70 लाख यात्रियों का प्रबंधन
उधना में देश का सबसे बड़ा यात्री होल्डिंग एरिया बना भीड़ नियंत्रण का मजबूत केंद्र, 10 दिनों में 250 से अधिक स्पेशल ट्रेनें चलाई गईं

मुंबई। दिवाली और छठ पूजा के दौरान यात्रियों की भारी भीड़ के बीच पश्चिम रेलवे ने यात्री प्रबंधन में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। 1 से 10 नवंबर 2026 के बीच पश्चिम रेलवे ने करीब 73 लाख यात्रियों की आवाजाही को सफलतापूर्वक संभाला। यह पिछले वर्ष के दिवाली सीजन की तुलना में लगभग 2 लाख अधिक है। इस दौरान अकेले उधना स्टेशन पर 2.70 लाख यात्रियों का प्रबंधन किया गया और स्पेशल ट्रेनों के 250 से अधिक फेरे संचालित किए गए। पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी विनीत अभिषेक के अनुसार, दिवाली से पहले के तीन दिनों में उधना स्टेशन पर कुल 111 ट्रेनों का संचालन किया गया। इनमें स्टेशन से शुरू होने वाली 27 नियमित और 19 फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें शामिल थीं। परिचालन व्यवस्था का एक बड़ा उदाहरण 7 और 8 नवंबर की रात देखने को मिला, जब महज 15 घंटे में उधना स्टेशन पर 45 हजार से अधिक यात्रियों को संभाला गया। भीड़ की रियल टाइम निगरानी कर जरूरत के अनुसार अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनें भी अधिसूचित की गईं। सूरत और उधना स्टेशनों पर यात्रियों का दबाव कम करने के लिए उत्राण को सैटेलाइट स्टेशन के रूप में विकसित किया जा रहा है, जहां से विभिन्न गंतव्यों के लिए स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं। इसके साथ ही बांद्रा टर्मिनस, उधना, सूरत, उत्राण, वडोदरा, अहमदाबाद और साबरमती स्टेशनों पर यात्री होल्डिंग एरिया बनाए गए हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त टिकट काउंटर, ऑटोमैटिक टिकट वेंडिंग मशीनें और मोबाइल यूटीएस कर्मचारियों की व्यवस्था की गई। टिकट जांच कर्मचारियों के साथ रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) और स्थानीय पुलिस को भी तैनात किया गया। पश्चिम रेलवे के अनुसार, उधना में 31 अक्टूबर 2026 को शुरू किया गया 10 हजार वर्ग मीटर से अधिक क्षेत्र में फैला यात्री सुविधा केंद्र भारत का सबसे बड़ा यात्री होल्डिंग एरिया है। इसमें एक समय में 15 हजार से अधिक यात्रियों के ठहरने की क्षमता है। हवाई अड्डे जैसी सुविधाओं की तर्ज पर विकसित इस केंद्र में वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों के लिए विशेष बैठने की व्यवस्था, 10 टिकट बुकिंग काउंटर, पुरुषों, महिलाओं और दिव्यांग यात्रियों के लिए अलग-अलग शौचालय तथा शिशु आहार कक्ष उपलब्ध हैं। इसके अलावा आरओ फिल्टर युक्त पेयजल, 32 हाई वॉल्यूम लो स्पीड पंखे, 146 स्पीकरों वाला सार्वजनिक उद्घोषणा सिस्टम, यात्री सूचना डिस्प्ले बोर्ड और निगरानी के लिए 55 एआई आधारित सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। केंद्र में चौबीसों घंटे निगरानी के लिए वार रूम के साथ अग्नि सुरक्षा और आपातकालीन प्रबंधन की सुविधाएं भी हैं। पश्चिम रेलवे ने दशहरा, दुर्गा पूजा, नवरात्रि, दिवाली और छठ पूजा के दौरान नियमित ट्रेनों के अतिरिक्त हॉलिडे स्पेशल ट्रेनों के 2 हजार से अधिक फेरे संचालित किए। रेलवे के अनुसार, अतिरिक्त ट्रेनों, कर्मचारियों की तैनाती और बेहतर भीड़ प्रबंधन के जरिए त्योहारों पर घर लौटने वाले लाखों यात्रियों की सुरक्षित और व्यवस्थित यात्रा सुनिश्चित करने का प्रयास किया गया।
