लाड़ली बहनों के खातों में 1,831 करोड़ रुपये अंतरित, पिछोर को जिला बनाने की अनुशंसा

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 1.24 करोड़ से अधिक महिलाओं को दी 42वीं किस्त की सौगात, 221 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन

शिवपुरी, मध्य प्रदेश। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 13 नवंबर को शिवपुरी जिले के पिछोर पहुंचकर मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की 42वीं किस्त के तहत 1 करोड़ 24 लाख 81 हजार 550 पात्र महिलाओं के बैंक खातों में 1,831 करोड़ 77 लाख रुपये से अधिक की राशि अंतरित की। इसके साथ ही स्व-सहायता समूहों को 200 करोड़ रुपये के ऋण का अंतरण किया और 221 करोड़ रुपये की लागत वाले 121 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश की करीब चार करोड़ मातृशक्ति को अधिकार और अवसर उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न योजनाएं चला रही है। उन्होंने बताया कि सरकार अब तक लाड़ली बहनों के खातों में करीब 60 हजार करोड़ रुपये पहुंचा चुकी है। कई महिलाएं इस राशि का उपयोग सिलाई केंद्र जैसे स्वरोजगार के कार्यों में कर रही हैं। उन्होंने कहा कि माताएं-बहनें परिवार की धुरी हैं और उनके सशक्तीकरण से परिवार और समाज मजबूत होता है।
उद्योग, रोजगार और कृषि विकास पर सरकार का जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिवपुरी को 6 हजार करोड़ रुपये के डिफेंस इंडस्ट्री कॉरिडोर की सौगात मिली है। सरकार रोजगार आधारित उद्योगों को बढ़ावा दे रही है। ऐसे उद्योगों में काम करने वाली महिलाओं को वेतन के साथ 5 हजार रुपये अतिरिक्त देने की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने बताया कि निवेशकों को बिजली, पानी और जमीन आवंटन में प्रोत्साहन दिया जा रहा है तथा प्रदेश में अब तक 12.50 लाख करोड़ रुपये का निवेश धरातल पर आ चुका है। ग्वालियर में केंद्र और राज्य सरकार के प्रयासों से देश का पहला आधुनिक टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग जोन विकसित किए जाने की दिशा में काम हो रहा है। डॉ. यादव ने युवाओं को रोजगार देने के लिए औद्योगिक गतिविधियां बढ़ाने और खेती-किसानी से आय बढ़ाने पर भी जोर दिया। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 60 लाख हेक्टेयर भूमि सिंचित हो चुकी है। दूध उत्पादन में मध्य प्रदेश फिलहाल तीसरे स्थान पर है और अगले दो वर्षों में इसे शीर्ष स्थान पर पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। सरकार प्राचीन विरासत के संरक्षण के साथ धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा दे रही है। मुख्यमंत्री के अनुसार, उज्जैन में महाकाल महालोक के बाद पर्यटकों और श्रद्धालुओं की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
पिछोर को जिला बनाने की अनुशंसा, कई विकास कार्यों की घोषणा
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने पिछोर क्षेत्र के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। पिछोर में सांदीपनि विद्यालय, खनियाधाना के रेडी चौराहे पर पुलिस चौकी और खनियाधाना में सर्वसुविधायुक्त स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनाया जाएगा। इसके अलावा पिछोर किले के विकास के लिए 5 करोड़ रुपये और मोतीसागर तालाब के सुंदरीकरण के लिए राशि उपलब्ध कराने की घोषणा की गई। मुख्यमंत्री ने वर्ष 2027 में पिछोर को जिला बनाए जाने की अनुशंसा करने की बात कही। साथ ही बामोर कलां में महाविद्यालय की स्थापना की भी घोषणा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *