युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों का करियर तबाह कर देंगे: योगी आदित्यनाथ
गोरखपुर में 50 हजार विद्यार्थियों को टैबलेट वितरित, बोले- 2017 से पहले भर्तियों पर मुन्ना भाई और सैफई सिंडिकेट का दबदबा था

गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि युवाओं के भविष्य और उनके करियर से खिलवाड़ करने वालों को सरकार किसी भी कीमत पर बख्शेगी नहीं। ऐसे लोगों का अपना करियर तबाह कर दिया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में सरकारी भर्तियों पर मुन्ना भाई और सैफई सिंडिकेट का दबदबा था तथा युवाओं की नौकरियों पर डकैती डाली जाती थी। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि अब प्रदेश में पारदर्शी तरीके से तेजी से भर्तियां की जा रही हैं। मुख्यमंत्री शुक्रवार को गोरखपुर के चंपा देवी पार्क में स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना के दूसरे चरण के तहत आयोजित टैबलेट वितरण समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान गोरखपुर मंडल के 50 हजार विद्यार्थियों को टैबलेट वितरित किए गए। इनमें गोरखपुर के 35 हजार तथा देवरिया, कुशीनगर और महराजगंज के पांच-पांच हजार विद्यार्थी शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने मंच से 23 विद्यार्थियों को अपने हाथों से टैबलेट प्रदान किए।
साढ़े नौ वर्षों में करीब पौने दस लाख युवाओं को नौकरी देने का दावा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरकारी भर्तियों को लेकर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार के साढ़े नौ वर्षों के कार्यकाल में करीब पौने दस लाख युवाओं को पारदर्शी तरीके से सरकारी नौकरियां दी गई हैं। कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा, पंचायती राज, पुलिस और राजस्व विभागों में हजारों युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जाने का भी उन्होंने उल्लेख किया। योगी ने घोषणा की कि 8,000 लेखपालों की भर्ती प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और अगले एक सप्ताह में उन्हें नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। वहीं, 32 हजार पुलिसकर्मियों की भर्ती का सत्यापन अंतिम चरण में है। इन्हें नवंबर के अंत या दिसंबर के पहले सप्ताह तक नियुक्ति पत्र मिलने की संभावना है। इसके अलावा 42 हजार से अधिक होमगार्डों की भर्ती प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि नकल माफिया और पेपर लीक करने वालों के खिलाफ सरकार ने सख्त कानून बनाया है। इसमें आजीवन कारावास, एक करोड़ रुपये तक जुर्माना और पैतृक संपत्ति जब्त करने का प्रावधान है।
25 लाख युवाओं को टैबलेट देने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को तकनीक से जोड़ने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। योजना के दूसरे चरण में 25 लाख युवाओं को टैबलेट देने का लक्ष्य रखा गया है। टैबलेट में इंफोसिस के सहयोग से 18 हजार से अधिक मुफ्त ऑनलाइन कोर्स उपलब्ध कराए गए हैं। युवा साथी ऐप के माध्यम से मुद्रा योजना, मुख्यमंत्री युवा योजना, छात्रवृत्ति और इंटर्नशिप सहित केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी मिलेगी। उन्होंने युवाओं को सोशल मीडिया का सावधानी से इस्तेमाल करने की सलाह दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि तकनीक का उपयोग जरूर करें, लेकिन उसे खुद पर हावी न होने दें। हर वायरल सामग्री सच नहीं होती, इसलिए किसी भी पोस्ट को साझा करने से पहले उसकी तथ्यात्मक जांच करनी चाहिए। योगी ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा, ”रील पर बेशक 30 सेकंड दीजिए, लेकिन अपनी स्किलिंग के लिए 30 मिनट से तीन घंटे का समय जरूर निकालिए। फीड नहीं, बल्कि अपना फ्यूचर स्क्रॉल कीजिए।”
आर्यवर्धन की मौत का मुद्दा उठाया, रोड शो पर लगाए आरोप
मुख्यमंत्री ने चौरीचौरा के 14 वर्षीय छात्र आर्यवर्धन सिंह की मौत का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि बुधवार को अपनी छोटी बहन को केंद्रीय विद्यालय से लेने जा रहे दसवीं के छात्र को समाजवादी पार्टी के रोड शो के दौरान निकले जुलूस ने रौंद दिया। उन्होंने बताया कि आर्यवर्धन ऐतिहासिक चौरीचौरा आंदोलन के क्रांतिकारी शिव पूजन सिंह के परिवार से था। योगी ने कहा कि प्रदेश में अराजकता और गुंडागर्दी किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी। कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि माफिया के सामने नाक रगड़ने वाले लोग चुनाव हारने के बाद शांत हो जाते हैं और चुनाव नजदीक आते ही फिर सक्रिय हो जाते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि माफिया और संगठित अपराध के खिलाफ कार्रवाई के बाद अब सरकार नशे के कारोबारियों के विरुद्ध भी सख्त अभियान शुरू करने जा रही है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और अपनी ऊर्जा शिक्षा, कौशल विकास तथा रोजगार में लगाने की अपील की।
तीन गुना हुई यूपी की अर्थव्यवस्था: मुख्यमंत्री
प्रदेश की आर्थिक प्रगति का जिक्र करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 2016-17 में उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था करीब 12 लाख करोड़ रुपये की थी, जो अब बढ़कर 36 लाख करोड़ रुपये हो गई है। उनके अनुसार, इस अवधि में प्रति व्यक्ति आय और प्रदेश के बजट में भी तीन गुना वृद्धि हुई है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों के माध्यम से करीब 65 लाख युवाओं के लिए रोजगार के अवसर तैयार हुए हैं। गोरखपुर के गीडा क्षेत्र में वर्ष 2017 के बाद करीब 20 हजार करोड़ रुपये का निवेश आया है, जिससे पूर्वांचल के युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़े हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में स्टार्टअप की संख्या भी 120 से बढ़कर 25 हजार से अधिक हो गई है। उन्होंने घोषणा की कि प्रदेश के प्रत्येक जिले में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल स्किलिंग एंड एंप्लॉयमेंट जोन स्थापित किया जाएगा। यहां आठवीं पास से लेकर स्नातक तक के युवाओं को उद्योगों की जरूरत के अनुसार प्रशिक्षण दिया जाएगा। जापान और जर्मनी में रोजगार पाने के इच्छुक युवाओं को संबंधित देशों की भाषा और जरूरी कौशल का प्रशिक्षण भी उपलब्ध कराया जाएगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि युवाओं को स्वरोजगार के लिए पांच लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त और गारंटीमुक्त ऋण दिया जा रहा है। स्टार्टअप को प्रोत्साहित करने के लिए एक हजार करोड़ रुपये का फंड ऑफ फंड्स बनाया गया है। इसके अलावा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रत्येक जिले में अभ्युदय कोचिंग की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
मतदाता बनना और मतदान करना राष्ट्रीय कर्तव्य
मुख्यमंत्री ने युवाओं से मतदाता सूची के पुनरीक्षण और जनगणना 2027 में सक्रिय भागीदारी की अपील की। उन्होंने कहा कि एक जनवरी 2027 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं में से बड़ी संख्या के नाम अभी मतदाता सूची में जुड़ने बाकी हैं। इसके लिए नए मतदाता फॉर्म-6 के माध्यम से अपना नाम दर्ज करा सकते हैं। गलत नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 और पते या अन्य विवरण में संशोधन के लिए फॉर्म-8 का उपयोग किया जा सकता है।
