झांसी में मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान तेज, बूथों पर पहुंचे बीएलओ, छूटे मतदाताओं ने भरे फार्म-6
युवाओं और महिलाओं का नाम जोड़ने पर विशेष जोर, गरौठा में लोहापीट समाज के पात्र परिवारों को भी किया गया शामिल

देवेश प्रताप सिंह राठौर
झांसी, उत्तर प्रदेश। झांसी जिले में विशेष संक्षिप्त मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान के तहत रविवार को विशेष अभियान दिवस पर सभी मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) उपस्थित रहे। इस दौरान मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिकों ने फार्म-6 भरकर जमा किए। उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी पल्लवी मिश्रा तथा रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं एसडीएम सदर मनीषा धार्वे ने विधानसभा क्षेत्र 223-झांसी नगर के नेशनल हाफिज सिद्दीकी इंटर कॉलेज स्थित विभिन्न बूथों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बीएलओ से अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी ली और नागरिकों से अपील की कि वे 17 नवंबर को प्रकाशित आलेख्य मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें। सूची में नाम नहीं होने पर पात्र मतदाता फार्म-6 भरकर पंजीकरण कराएं।
फार्म-6, 7 और 8 के जरिए कराएं आवश्यक कार्रवाई
निरीक्षण के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए कि मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए फार्म-6, नाम हटाने या आपत्ति दर्ज कराने के लिए फार्म-7 तथा नाम और अन्य विवरण में संशोधन के लिए फार्म-8 उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि पात्र नए मतदाताओं के पंजीकरण के लिए अब घोषणा पत्र की आवश्यकता नहीं है। ऐसे मामलों में संबंधित सुपरवाइजर के माध्यम से निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के स्तर पर आवश्यक रोलबैक की कार्रवाई कराते हुए पात्र मतदाताओं के फार्म भरवाए जाएं और उनके नाम सूची में शामिल किए जाएं। उन्होंने एक ही परिवार के सदस्यों के नाम अलग-अलग बूथों पर दर्ज होने संबंधी त्रुटियों को भी अभियान चलाकर चिन्हित करने और उनका निराकरण कराने के निर्देश दिए। मतदान केंद्रों पर नागरिकों की सहायता और आवेदन संबंधी जानकारी के लिए हेल्प डेस्क भी सक्रिय रखी गई।
गरौठा में लोहापीट समाज के परिवारों के नाम जोड़ने की पहल
विशेष अभियान के दौरान विधानसभा क्षेत्र 225-गरौठा के भाग संख्या 322 में लोहापीट समाज के उन पात्र परिवारों को मतदाता सूची में शामिल कराने की पहल की गई, जिनके नाम एसआईआर के दौरान कट गए थे। उप जिलाधिकारी सुनील कुमार ने संबंधित पात्र लोगों के फार्म-6 भरवाए। उन्होंने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर बीएलओ की उपस्थिति और फार्म-6, 7 एवं 8 की उपलब्धता भी जांची। अधिकारियों ने बताया कि मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिकों, विशेषकर युवाओं और महिलाओं को अभियान के दौरान प्राथमिकता के साथ जोड़ा जाए।
शिकायत और जानकारी के लिए कंट्रोल रूम नंबर जारी
उप जिला निर्वाचन अधिकारी पल्लवी मिश्रा ने मतदाताओं से पुनरीक्षण अवधि का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने बताया कि जिले में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। मतदाता किसी भी प्रकार की जानकारी या शिकायत के लिए 0510-2371100 तथा टोल फ्री नंबर 1950 पर संपर्क कर सकते हैं। निरीक्षण के दौरान तहसीलदार सदर, प्रधानाचार्य, सुपरवाइजर, बीएलओ, बीएलए, संबंधित मतदाता और कर्मचारी उपस्थित रहे।
