उन्नाव में यातायात माह के तहत पेंटिंग, निबंध और क्विज प्रतियोगिताएं आयोजित

‘सड़क सुरक्षा, जीवन रक्षा’ विषय पर विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा, 30 नवंबर को समापन समारोह में विजेताओं को किया जाएगा सम्मानित

उन्नाव, उत्तर प्रदेश। यातायात माह के अंतर्गत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह के निर्देशन एवं अध्यक्षता में पुलिस लाइन परिसर में पेंटिंग, निबंध और क्विज प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। तीनों प्रतियोगिताओं का विषय ‘सड़क सुरक्षा, जीवन रक्षा’ रखा गया। इसमें पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, गुरु नानक इंटर कॉलेज, सीएसए इंटरनेशनल स्कूल और किंग्सन इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिताओं के माध्यम से बच्चों ने सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति अपनी समझ और रचनात्मकता का प्रदर्शन किया।
तीनों प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने हासिल किए स्थान
पेंटिंग प्रतियोगिता में सीएसए इंटरनेशनल स्कूल के शिवा शर्मा ने प्रथम, जीजीआईसी की श्रद्धा गौतम ने द्वितीय और किंग्सन इंटर कॉलेज की आराध्या सिंह कुशवाहा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। निबंध प्रतियोगिता में सीएसए की माही गुप्ता प्रथम, खिजरा कलीम खान द्वितीय और किंग्सन इंटर कॉलेज की दिव्या गुप्ता तृतीय स्थान पर रहीं। वहीं, क्विज प्रतियोगिता में गुरु नानक इंटर कॉलेज के सैफ शरीफ ने प्रथम, सीएसए की सुमैय्या ने द्वितीय और किंग्सन के विकास तिवारी ने तृतीय स्थान हासिल किया। सर्वांग सर्वोत्तम पुरस्कार के लिए छात्र आयुष सिंह का चयन किया गया।
अधिकारियों ने बढ़ाया बच्चों का उत्साह
प्रतियोगिताओं में निर्णायक की भूमिका पुलिस अधीक्षक उत्तरी आयुष श्रीवास्तव, क्षेत्राधिकारी ट्रैफिक प्रदीप कुमार मौर्य और सहायक पुलिस अधीक्षक बीघापुर प्रदीप कुमार ने निभाई। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रतिभा और विचारों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। आयोजन की व्यवस्थाओं में प्रतिसार निरीक्षक सचिन राय, महिला थाना प्रभारी निरीक्षक रेखा सिंह, उपनिरीक्षक तिलक सिंह, अनिल कुमार, मुख्य आरक्षी रूप सिंह, भूपनारायण, भास्कर यादव, ई-चालान सेल के आरक्षी मुकेश, रजत और सुजीत कुमार तथा शिक्षिका समन आफरीन ने सहयोग किया। परिवार परामर्श समिति के प्रभारी एवं समन्वयक डॉ. आशीष श्रीवास्तव और वरिष्ठ सलाहकार डॉ. मनीष सिंह सेंगर ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए बच्चों का उत्साह बढ़ाया। यातायात निरीक्षक सुनील कुमार सिंह ने कार्यक्रम के संयोजन के साथ मंचासीन अधिकारियों, शिक्षक-शिक्षिकाओं और प्रतिभागी विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि 30 नवंबर को यातायात माह के समापन समारोह में सभी विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा और प्रतियोगिता में शामिल सभी विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *