भाजपा जिला कार्यालय में श्रद्धा और उत्साह से विराजे ‘विघ्नहर्ता’
गणेश चतुर्थी पर गूंजे ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारे, महाआरती में शामिल हुए भाजपा नेता और कार्यकर्ता

बालाघाट, मध्यप्रदेश। भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय में सोमवार को श्री गणेश चतुर्थी का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी कार्यालय परिसर में प्रथम पूज्य भगवान श्री गणेश की प्रतिमा वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ स्थापित की गई। इस अवसर पर श्वेता-सौरभ जैन ने मुख्य यजमान के रूप में पूजा-अर्चना की। गणपति स्थापना के दौरान पूरा कार्यालय परिसर ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारों से गूंज उठा। इसके बाद आयोजित महाआरती में उपस्थित नेताओं, कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश से जिले की समृद्धि, सुख-शांति और जनकल्याण की कामना की। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष, पूर्व मंत्री रामकिशोर नानो कावरे, राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग सदस्य मौसम बिसेन, पूर्व जिलाध्यक्ष रमेश रंगलानी, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य लता एलकर, जिला महामंत्री संजय मिश्रा, डॉ. नरेंद्र भैरम, जिला उपाध्यक्ष गोपाल आडवाणी, जितेंद्र सिंह मोहारे, अभय कोचर, वरिष्ठ नेता दिलीप चौरसिया, संजय अग्निहोत्री, जिला मंत्री सुधीर चौधरी, जिला कार्यालय मंत्री सुमित यादव सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक शामिल हुए। पूजा और महाआरती के बाद सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
