शुक्लागंज में मेगा हेल्थ कैंप: 150 से अधिक लोगों ने कराई निःशुल्क जांच

30 जरूरतमंदों को बांटे गए चश्मे, 7 मरीज ऑपरेशन के लिए चिन्हित; मेदांता समेत विभिन्न अस्पतालों के विशेषज्ञों ने दिया परामर्श

उन्नाव, उत्तर प्रदेश। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन के तत्वावधान में शनिवार को शुक्लागंज स्थित डीबी पैलेस में भव्य मेगा हेल्थ कैंप का आयोजन किया गया। शिविर में 150 से अधिक लोगों ने पंजीकरण कर विभिन्न स्वास्थ्य जांचों और विशेषज्ञ चिकित्सकों से निःशुल्क परामर्श का लाभ लिया। कैंप में मेदांता हॉस्पिटल की विशेषज्ञ टीम ने पीएफटी, बीएमडी, शुगर और रक्तचाप की जांच की। फिजिशियन डॉ. अमित शांडिल्य ने मरीजों को चिकित्सीय परामर्श दिया। प्रकाश आई हॉस्पिटल की टीम ने आंख, नाक, कान एवं गले की जांच की। इस दौरान 30 जरूरतमंदों को निःशुल्क चश्मे वितरित किए गए, जबकि 7 मरीजों को ऑपरेशन के लिए चिन्हित किया गया। डॉ. जितेंद्र यादव के नेतृत्व में रामराज हैनीमैन होम्योपैथिक की टीम ने मरीजों का परीक्षण कर निःशुल्क दवाएं वितरित कीं। स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. श्रद्धा दीक्षित ने महिलाओं को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श देने के साथ आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराईं। अपूर्वा पैथोलॉजी की टीम ने शुगर, रक्तचाप और हीमोग्लोबिन सहित विभिन्न जांचें कीं। मुख्य अतिथि सदर विधायक पंकज गुप्ता ने व्यापार संगठन के जनसेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे स्वास्थ्य शिविर आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद लोगों के लिए बेहद उपयोगी हैं। नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि संदीप पांडेय ने इसे शुक्लागंज के नागरिकों के लिए सराहनीय पहल बताया। उन्नाव नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि प्रवीण मिश्र भानू, सपा नेता वीरेंद्र शुक्ल और नर सेवा नारायण सेवा के संस्थापक विमल द्विवेदी ने भी शिविर को जनहितकारी बताते हुए ऐसे आयोजनों की आवश्यकता पर जोर दिया। व्यापार संगठन के अध्यक्ष अमित मिश्रा ने कहा कि शिविर का उद्देश्य उन लोगों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है, जो आर्थिक तंगी, शारीरिक अशक्तता या समय के अभाव में बड़े अस्पतालों तक नहीं पहुंच पाते। वरिष्ठ प्रवक्ता डॉ. मनीष सेंगर ने बताया कि शिविर में 150 से अधिक लोगों ने पंजीकरण कराया। इनमें 77 लोगों की आंखों, 52 की नाक-कान-गले, 88 की शुगर, 54 की रक्तचाप और 36 लोगों की हीमोग्लोबिन जांच की गई। कार्यक्रम का संचालन डॉ. मनीष सेंगर एवं लक्ष्य निगम ने किया। इस अवसर पर व्यापार मंडल महामंत्री विशाल गुप्ता, अभ्युदय सेवा संस्थान अध्यक्ष डॉ. प्रभात सिन्हा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अमित निगम लोली, विजय प्रताप सिंह, नितिन शर्मा, अमन सिंह सेंगर, सभासद अशोक सविता, अभिषेक शुक्ल, धीरज सिंह, मनीष गुप्ता, विदित मिश्रा, संजय एडी और राहुल कश्यप सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *