सूरत-उदयपुर के बीच दौड़ेगी वंदे भारत एक्सप्रेस, 3 अक्टूबर से सेवा होगी शुरू

गुजरात और राजस्थान के बीच कनेक्टिविटी होगी बेहतर, भरूच, वडोदरा, आणंद समेत नौ स्टेशनों पर होगा ठहराव

मुंबई। पश्चिम रेलवे ने यात्रियों की सुविधा और गुजरात एवं राजस्थान के बीच रेल कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के लिए सूरत और उदयपुर के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस शुरू करने का निर्णय लिया है। आधुनिक सुविधाओं से लैस यह ट्रेन दोनों प्रमुख शहरों के बीच यात्रा को अधिक तेज, सुरक्षित और आरामदायक बनाएगी। पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी विनीत अभिषेक के अनुसार, ट्रेन संख्या 26903 सूरत-उदयपुर वंदे भारत एक्सप्रेस प्रत्येक सोमवार, बुधवार, गुरुवार, शुक्रवार, शनिवार और रविवार को सूरत से सुबह 6:10 बजे रवाना होकर उसी दिन दोपहर 1:40 बजे उदयपुर पहुंचेगी। सूरत से इस ट्रेन का नियमित परिचालन 4 अक्टूबर 2026 से शुरू होगा। वापसी में ट्रेन संख्या 26904 उदयपुर-सूरत वंदे भारत एक्सप्रेस प्रत्येक सोमवार, बुधवार, गुरुवार, शुक्रवार, शनिवार और रविवार को उदयपुर से दोपहर 3:35 बजे रवाना होगी और उसी दिन रात 11 बजे सूरत पहुंचेगी। उदयपुर से इस ट्रेन की सेवा 3 अक्टूबर 2026 से शुरू होगी। यह वंदे भारत एक्सप्रेस दोनों दिशाओं में भरूच, वडोदरा, आणंद, मणिनगर, असारवा, हिम्मतनगर, शामलाजी रोड, डूंगरपुर और जावर स्टेशनों पर ठहरेगी।ट्रेन में यात्रियों के लिए एग्जीक्यूटिव चेयर कार और एसी चेयर कार कोच उपलब्ध होंगे। स्वदेशी रूप से डिजाइन की गई वंदे भारत ट्रेन आधुनिक यात्री सुविधाओं, उन्नत सुरक्षा प्रणाली और तेज गति से त्वरण जैसी सुविधाओं से सुसज्जित है।ट्रेन संख्या 26903 की बुकिंग 1 अक्टूबर 2026 से सभी पीआरएस काउंटरों और आईआरसीटीसी के माध्यम से शुरू होगी। पश्चिम रेलवे ने आरक्षित टिकट पर यात्रा करने वाले यात्रियों से मूल पहचान-पत्र साथ रखने का अनुरोध किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *