किसानों के प्रदर्शन पर भोपाल में बवाल, पुलिस ने वाटर कैनन से खदेड़ा

मुख्यमंत्री और केंद्रीय कृषि मंत्री के आवास का घेराव करने जा रहे सपा कार्यकर्ताओं को बैरिकेडिंग लगाकर रोका, प्रदेश उपाध्यक्ष शिवराज यादव समेत कई घायल

भोपाल, मध्य प्रदेश। किसानों की समस्याओं को लेकर बुधवार को समाजवादी पार्टी ने राजधानी भोपाल में सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदेश के अलग-अलग जिलों से ट्रैक्टर और कारों के जरिए पहुंचे किसानों तथा पार्टी कार्यकर्ताओं को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के आवास का घेराव करने से पहले ही पुलिस ने रोक दिया। लिंक रोड पर आगे बढ़ने की कोशिश कर रहे प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। पानी की तेज बौछारों के बीच अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान सपा के प्रदेश उपाध्यक्ष शिवराज यादव समेत कई कार्यकर्ता घायल हो गए। समाजवादी पार्टी ने इस प्रदर्शन को ‘समाजवादी किसान पीडीए पंचायत’ नाम दिया था। पार्टी ने इसमें 500 ट्रैक्टर लाने का दावा किया था। प्रदर्शन में शामिल होने के लिए आसपास के जिलों से किसान ट्रैक्टरों और कारों के जरिए भोपाल पहुंचे। पार्टी का उद्देश्य किसानों की समस्याओं के साथ आम जनता से जुड़े मुद्दों को उठाना और मुख्यमंत्री तथा केंद्रीय कृषि मंत्री के आवास तक मार्च कर घेराव करना था।
खजूरी कला से लिंक रोड तक बैरिकेडिंग
प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने खजूरी कला से लेकर लिंक रोड तक बैरिकेडिंग की थी। किसान सुबह से ही राजधानी पहुंचने लगे थे। तुलसी नगर में जेपी अस्पताल के सामने स्थित सपा के प्रदेश कार्यालय में कार्यकर्ताओं और किसानों का जमावड़ा लगा। वहीं, खजूरी कला में पुलिस ने ट्रैक्टर लेकर आ रहे किसानों को रोक दिया। खजूरी-बैरागढ़ की ओर से ट्रैक्टरों के साथ आ रहे प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मनोज यादव का रास्ता भी पुलिस ने बदल दिया। रूट डायवर्ट होने के कारण वह पार्टी कार्यालय नहीं पहुंच सके। जेपी अस्पताल के पास भी पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रखी थी। पार्टी कार्यालय में सभा के बाद कार्यकर्ताओं और किसानों को मुख्यमंत्री तथा केंद्रीय कृषि मंत्री के आवास की ओर कूच करना था, लेकिन पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने नहीं दिया। लिंक रोड पर प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग पार करने की कोशिश की तो पुलिस ने वाटर कैनन चला दिया। तेज बौछारों के कारण मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सपा नेताओं के मुताबिक, इस कार्रवाई में प्रदेश उपाध्यक्ष शिवराज यादव समेत कई कार्यकर्ता घायल हुए।
खाद, फसल के दाम और बेरोजगारी का मुद्दा उठाया
प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मनोज यादव ने सरकार पर किसानों और आम जनता से किए गए वादे पूरे नहीं करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में किसान खाद के लिए परेशान हैं और अपनी उपज का उचित मूल्य पाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। खेती की लागत लगातार बढ़ रही है, लेकिन किसानों को उनकी फसलों का सही दाम नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार के लिए भटकना पड़ रहा है और महंगाई ने आम लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। सपा का आरोप है कि किसानों की समस्याओं को लेकर लगातार सरकार का ध्यान आकर्षित किया जा रहा है, लेकिन उनकी मांगों पर गंभीरता से कार्रवाई नहीं हो रही। इसी के विरोध में प्रदेशभर के किसानों को भोपाल बुलाकर प्रदर्शन किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *