संगम में डूबे महाराष्ट्र के श्रद्धालु का 48 घंटे बाद मिला शव

प्रयागराज, उत्तर प्रदेश। संगम में स्नान के दौरान डूबे महाराष्ट्र के श्रद्धालु दामाजी महादेव पाकमोडे (45) का शव 48 घंटे बाद बुधवार को बरामद कर लिया गया। उनका शव उसी स्थान पर गहराई में मिला, जहां सोमवार को वह डूबे थे। दो दिनों से गोताखोर और जल पुलिस उनकी तलाश में जुटे थे। शव मिलने की खबर से परिवार में मातम छा गया। पत्नी, बच्चों और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी के मुताबिक, महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले के रहने वाले दामाजी सोमवार सुबह करीब नौ बजे संगम नोज के पास स्नान के दौरान गहरे पानी में डूब गए थे। आरोप है कि नाविकों ने श्रद्धालुओं को जल्दबाजी में उतारने के दौरान सुरक्षा इंतजामों की अनदेखी की। नाव से उतरते समय सुरक्षा जाली के पास लगी लकड़ी की बल्ली टूट गई, जिससे दामाजी का संतुलन बिगड़ गया और वह तेज बहाव की चपेट में आकर डूब गए। दामाजी के साले गोपाल के अनुसार, परिवार के सभी 21 सदस्य सोमवार सुबह करीब नौ बजे किला घाट से दो नावों पर सवार होकर संगम पहुंचे थे। नाव संगम नोज के पास पहुंची तो परिवार के लोग एक-एक कर उतरने लगे। इसी दौरान दामाजी स्नान के लिए नीचे उतरे। आरोप है कि सुरक्षा जाली के पास लगी लकड़ी की बल्ली टूटने से उनका संतुलन बिगड़ा और वह गहरे पानी में चले गए। उन्हें डूबता देख परिवार के लोग चीखने-चिल्लाने लगे। परिजनों का आरोप है कि करीब 15 मिनट तक मदद की गुहार लगाने के बावजूद कोई उन्हें बचाने के लिए नदी में नहीं उतरा। कुछ ही देर में दामाजी पानी में लापता हो गए। सूचना मिलने पर गोताखोर और जल पुलिस मौके पर पहुंचे और तलाश अभियान शुरू किया, लेकिन पहले दिन उनका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद भी लगातार खोजबीन जारी रही। दामाजी पत्नी मनीषा, 12 वर्षीय बेटे और छह साल की बेटी समेत परिवार के 21 सदस्यों के साथ तीर्थयात्रा पर आए थे। परिवार 14 नवंबर को ट्रैवलर बस से रवाना हुआ था। 15 नवंबर को मैहर में दर्शन-पूजन करने के बाद सोमवार सुबह प्रयागराज पहुंचा था। बुधवार को शव बरामद होने के बाद परिवार के सदस्यों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *