Sunday, March 22, 2026
Google search engine
HomeMaharashtraमध्य और पश्चिम रेलवे में जल्द खुलेंगे दो नए रेलवे पुलिस थाने,...

मध्य और पश्चिम रेलवे में जल्द खुलेंगे दो नए रेलवे पुलिस थाने, अपराध पर लगेगी लगाम

बी वी माणिक
मुंबई। मध्य रेलवे और पश्चिम रेलवे नेटवर्क पर यात्रियों की सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए रेलवे पुलिस (लौहमार्ग पुलिस) के दो नए थाने जल्द ही खोले जाने वाले हैं। लौहमार्ग पुलिस आयुक्त राकेश कलासागर ने एक मौखिक बयान में जानकारी देते हुए बताया कि रेलवे में बढ़ते अपराधों पर रोक लगाने के उद्देश्य से यह कदम उठाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में मध्य रेलवे, मुंबई के डीआरएम और पश्चिम रेलवे, मुंबई के डीआरएम को औपचारिक पत्र भेजे गए हैं, ताकि नए पुलिस थानों के लिए स्थान आवंटित किया जा सके।
भायंदर स्टेशन पर नया थाना प्रस्तावित
पश्चिम रेलवे में बोरीवली और वसई रोड के बीच का सेक्शन काफी लंबा है। वर्तमान में भायंदर स्टेशन वसई रोड सेक्शन के अंतर्गत आता है, लेकिन दूरी अधिक होने के कारण इस क्षेत्र में चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं में बढ़ोतरी देखी जा रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए भायंदर स्टेशन पर नया रेलवे पुलिस थाना खोलने के लिए डीआरएम से जगह आवंटन का अनुरोध किया गया है। पुलिस आयुक्त के अनुसार, इस पर जल्द ही निर्णय होने की संभावना है।
अंबरनाथ स्टेशन पर भी नए थाने की जरूरत
मध्य रेलवे के अंबरनाथ स्टेशन पर भी नए पुलिस स्टेशन की भारी आवश्यकता बताई गई है। वर्तमान में कल्याण के बाद सीधे कर्जत पुलिस स्टेशन आता है, जिसके बीच में कोई रेलवे पुलिस थाना नहीं है। इस वजह से इस पूरे क्षेत्र में चोरी और अन्य अपराधों की संख्या में वृद्धि हुई है। पुलिस का मानना है कि अंबरनाथ में नया थाना खुलने से अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण संभव होगा और यात्रियों की सुरक्षा बेहतर होगी। इस संबंध में डीआरएम हिरेश मीना को पत्र दिया गया है और बैठकें भी हो चुकी हैं, हालांकि पुलिस आयुक्त ने यह भी संकेत दिया कि इस मामले में अपेक्षित तेजी नहीं दिखाई दे रही है।
बैग तलाशी पर सख्ती से रोक, हेल्प डेस्क होंगे शुरू
यात्रियों की सुविधा और पारदर्शिता को ध्यान में रखते हुए रेलवे पुलिस आयुक्त राकेश कलासागर ने एक बड़ा फैसला लेते हुए सभी रेलवे स्टेशनों पर बैग तलाशी की अवैध प्रथा को पूरी तरह बंद करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि यदि कोई पुलिसकर्मी बिना वैध कारण किसी यात्री की बैग तलाशी करते हुए पाया गया, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी, यहां तक कि नौकरी जाने तक की स्थिति बन सकती है। इसके साथ ही यात्रियों की मदद के लिए सभी प्रमुख स्टेशनों पर हेल्प डेस्क लगाए जा रहे हैं। इसके लिए कर्मचारियों को विशेष प्रशिक्षण भी दिया गया है, ताकि यात्रियों को तुरंत और सही सहायता मिल सके। रेलवे पुलिस का मानना है कि भायंदर और अंबरनाथ में नए पुलिस स्टेशन खुलने से न केवल अपराधों में गिरावट आएगी, बल्कि यात्रियों में सुरक्षा का भरोसा भी बढ़ेगा। आने वाले दिनों में इन प्रस्तावों पर अंतिम निर्णय होने की संभावना है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments