एसटी महामंडल में 13,980 चालक और तकनीकी कर्मचारियों की होगी भर्ती, नौकरी के नाम पर ठगी करने वालों पर होगी कार्रवाई

परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने दिए पारदर्शी भर्ती के निर्देश, निजी संस्थाओं द्वारा बेरोजगार युवाओं से पैसे वसूलने की शिकायतों की होगी जांच

मुंबई। महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (एसटी महामंडल) में जल्द ही करीब 13,980 चालक और यांत्रिकी कर्मचारियों की संविदा आधार पर भर्ती की जाएगी। शुक्रवार को परिवहन मंत्री एवं एसटी महामंडल के अध्यक्ष प्रताप सरनाईक ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और निर्धारित नियमों के अनुसार होनी चाहिए। बाहरी एजेंसी के माध्यम से होने वाला चयन महामंडल के तय पात्रता मानदंडों के अनुरूप ही किया जाए और किसी भी उम्मीदवार के साथ धोखाधड़ी न हो, इसकी जिम्मेदारी एसटी प्रशासन सुनिश्चित करे। दरअसल, प्रशासन को शिकायतें मिली हैं कि कुछ निजी संस्थाएं एसटी महामंडल के नाम का दुरुपयोग कर बेरोजगार और जरूरतमंद युवाओं को नौकरी दिलाने का झांसा दे रही हैं तथा उनसे अवैध रूप से पैसे वसूल रही हैं। नौकरी की उम्मीद में इन संस्थाओं पर भरोसा करने वाले युवाओं को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। ऐसी घटनाओं से महामंडल की छवि और विश्वसनीयता भी प्रभावित हो रही है। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए मंत्री सरनाईक ने एसटी महामंडल के सुरक्षा एवं सतर्कता विभाग को इन अवैध गतिविधियों की गहन जांच करने के निर्देश दिए हैं। उम्मीदवारों को ठगने वाली निजी संस्थाओं और उनसे जुड़े लोगों की पहचान कर दोषियों के खिलाफ तत्काल आपराधिक मामले दर्ज कराने को भी कहा गया है। मंत्री ने स्पष्ट किया कि भर्ती के नाम पर बेरोजगार युवाओं से पैसे ऐंठने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखने के साथ उम्मीदवारों के हितों की रक्षा करना एसटी प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *