उन्नाव में छात्रों को सिखाए गए सड़क सुरक्षा के नियम, हेलमेट और सीट बेल्ट के प्रति किया जागरूक
चंद्रशेखर इंटर कॉलेज में यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, मिशन शक्ति और महिला सुरक्षा हेल्पलाइन की भी दी गई जानकारी

उन्नाव, उत्तर प्रदेश। यातायात जागरूकता माह के तहत चंद्रशेखर इंटर कॉलेज में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान क्षेत्राधिकारी यातायात प्रदीप कुमार मौर्य ने छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए सुरक्षित वाहन चलाने की अपील की। उन्होंने दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने की हिदायत दी। साथ ही नाबालिगों को वाहन न चलाने देने पर भी जोर दिया। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं यातायात नियमों का पालन करने और अपने अभिभावकों तथा परिवार के अन्य सदस्यों को भी जागरूक करने की अपील की, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को यातायात जागरूकता एवं मिशन शक्ति अभियान से संबंधित पर्चे वितरित किए गए। इनके माध्यम से सड़क सुरक्षा, महिला सुरक्षा, महिला सशक्तीकरण और शासन की ओर से संचालित विभिन्न महिला एवं आपातकालीन हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी दी गई। इस अवसर पर यातायात प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार सिंह, उपनिरीक्षक तिलक सिंह और अनिल सिंह, परिवार परामर्श केंद्र समिति के प्रभारी डॉ. आशीष श्रीवास्तव, कोतवाली की महिला आरक्षी करिश्मा यादव एवं साधना पाल तथा थाना दही की महिला आरक्षी उपासना, सोनम और नेहा सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के मैनेजर मोहम्मद कैफ और प्रधानाचार्य जेनी ने पुलिस अधिकारियों एवं उपस्थित अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
