शुद्ध, निष्पक्ष और त्रुटिहीन मतदाता सूची तैयार करना पुनरीक्षण का मुख्य उद्देश्य : डीएम गौरांग राठी

झांसी की चारों विधानसभा क्षेत्रों की प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित, राजनीतिक दलों को सौंपी गई सूची

देवेश प्रताप सिंह राठौर
झांसी, उत्तर प्रदेश।
जनपद की चारों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया है। मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित गांधी सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी गौरांग राठी ने राष्ट्रीय और राज्यस्तरीय मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR)-2027 की प्रक्रिया, कार्यक्रम और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की जानकारी दी। इस दौरान विधानसभा क्षेत्रवार प्रारूप मतदाता सूची राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को सौंपी गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण का मुख्य उद्देश्य शुद्ध, निष्पक्ष, पारदर्शी और त्रुटिहीन मतदाता सूची तैयार करना है। यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी अपात्र व्यक्ति मतदाता सूची में शामिल न हो और प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम अनिवार्य रूप से सूची में दर्ज हो। उन्होंने राजनीतिक दलों से बूथ लेवल एजेंट (BLA) नियुक्त करने का अनुरोध किया, ताकि वे पुनरीक्षण कार्य में बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) का सहयोग कर सकें।
1741 बूथों पर चलेगा पुनरीक्षण अभियान
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जनपद के 1741 बूथों पर एक साथ विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान चलाया जाएगा। ऐसे परिवार, जिनके सदस्यों के नाम अलग-अलग बूथों की मतदाता सूची में दर्ज हैं, वे इसकी जानकारी दें, ताकि परिवार के सभी सदस्यों के नाम एक ही बूथ पर दर्ज कराने की प्रक्रिया की जा सके। उन्होंने बताया कि कांशीराम कॉलोनी, मलिन बस्तियों और कुष्ठ आश्रमों में भी विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए अभियान चलाया जाएगा।
फॉर्म-6, 7 और 8 से कराएं जरूरी सुधार
जिलाधिकारी ने बताया कि जो युवा 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर रहे हैं और जिन पात्र मतदाताओं के नाम अभी तक सूची में शामिल नहीं हैं, वे फॉर्म-6 भरकर पंजीकरण करा सकते हैं। मृतक अथवा स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटवाने के लिए फॉर्म-7 तथा मतदाता सूची में दर्ज नाम, पता या अन्य विवरण में संशोधन के लिए फॉर्म-8 भरा जा सकता है। संबंधित फॉर्म अपने बूथ के बीएलओ अथवा विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO) के पास जमा कराए जा सकते हैं। मतदान केंद्रों पर पदाभिहित अधिकारियों की नियुक्ति भी की गई है, जहां मतदाता सूची देखी जा सकती है और दावे-आपत्तियां दर्ज कराई जा सकती हैं।
11 नवंबर से 16 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि एकीकृत निर्वाचक नामावली का आलेख्य प्रकाशन कर दिया गया है। पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत दावे और आपत्तियां दाखिल करने की अवधि 11 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक निर्धारित की गई है। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष अभियान की तिथियां 21-22 नवंबर और 28-29 नवंबर 2026 निर्धारित हैं। प्राप्त दावे और आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा। इसके बाद 7 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन होगा।
कंट्रोल रूम स्थापित, इन नंबरों पर करें संपर्क
पुनरीक्षण अवधि में मतदाताओं की सुविधा के लिए जनपद में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। मतदाता जानकारी प्राप्त करने अथवा शिकायत दर्ज कराने के लिए 0510-2371100 और 1950 नंबर पर संपर्क कर सकते हैं। जिलाधिकारी ने सभी राजनीतिक दलों और मतदाताओं से अभियान में सक्रिय सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वीप कार्यक्रमों के माध्यम से भी राजनीतिक दलों के साथ समन्वय किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल हो सकें। बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व पल्लवी मिश्रा, अपर जिलाधिकारी प्रशासन ए.के. गुप्ता, प्रभारी एडीओ आर.के. पाल सहित भाजपा के उदय लुहारी, समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष ब्रजेन्द्र सिंह भोजला, कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष गिरजा शंकर राय, बसपा जिलाध्यक्ष भगवान दास, आम आदमी पार्टी के अरशद खान, सत्येंद्र खरे, अपना दल के देवेंद्र पटेल सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *