ठाणे पुलिस आयुक्त का व्हॉट्सऐप हैक, मंत्री उदय सामंत के सोशल मीडिया अकाउंट भी निशाने पर

आयुक्त के स्टेटस पर करीब एक घंटे तक प्रसारित हुए अश्लील वीडियो, उद्योग मंत्री ने मोबाइल, फेसबुक और एक्स अकाउंट हैक होने की दी जानकारी

मुंबई। साइबर अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि अब पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और मंत्री भी उनके निशाने पर हैं। ठाणे पुलिस आयुक्त आशुतोष डुंबरे का मोबाइल फोन और व्हॉट्सऐप अकाउंट कथित तौर पर हैक कर अश्लील वीडियो स्टेटस पर प्रसारित किए जाने का मामला सामने आया है। इसी बीच उद्योग मंत्री उदय सामंत ने भी अपना मोबाइल फोन, फेसबुक और ट्विटर (एक्स) अकाउंट हैक होने की जानकारी दी है। उदय सामंत ने ठाणे पुलिस आयुक्त का मोबाइल हैक होने के मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए बताया कि उन्हें भी साइबर हैकिंग का सामना करना पड़ा है। उनके अनुसार, उनका मोबाइल, फेसबुक और ट्विटर अकाउंट हैक किया गया था। उन्होंने कहा कि बढ़ती तकनीक और सक्रिय साइबर अपराधियों के कारण ऐसी घटनाएं हो सकती हैं। पुलिस अधिकारी भी आम इंसान हैं और उनके पास कोई अलग शक्ति नहीं होती, इसलिए उनका मोबाइल भी हैक हो सकता है। सामंत ने यह भी बताया कि साइबर अपराधियों के चलते उन्हें किसी व्यक्ति को 3,500 रुपये देने पड़े थे।
पुलिस आयुक्त के व्हॉट्सऐप स्टेटस पर 15 से 20 आपत्तिजनक वीडियो
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार शाम करीब 4:46 बजे ठाणे पुलिस आयुक्त आशुतोष डुंबरे के व्हॉट्सऐप स्टेटस पर अचानक अश्लील वीडियो दिखाई देने लगे। कुछ ही मिनटों में उनके अकाउंट से करीब 15 से 20 आपत्तिजनक वीडियो क्लिप स्टेटस पर प्रसारित कर दिए गए। इस घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के संज्ञान में मामला आते ही पुलिस तंत्र सतर्क हो गया। करीब 50 मिनट से एक घंटे तक ये आपत्तिजनक वीडियो स्टेटस पर दिखाई देते रहे। शाम लगभग 6 बजे पुलिस को संबंधित व्हॉट्सऐप अकाउंट बंद कर सभी वीडियो हटाने में सफलता मिली। इस मामले की जांच शुरू कर दी गई है। वहीं, मंत्री उदय सामंत के अकाउंट हैक होने की जानकारी सामने आने के बाद साइबर सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। जब पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के डिजिटल अकाउंट सुरक्षित नहीं हैं, तो आम नागरिकों की ऑनलाइन सुरक्षा को लेकर चिंता होना स्वाभाविक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *