लखनऊ में तिहरे हत्याकांड के बाद तनाव, फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई का आश्वासन


उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने मृतकों की अर्थी को दिया कंधा, आरोपियों पर रासुका के तहत कार्रवाई का भरोसा

लखनऊ। सआदतगंज के नौबस्ता स्थित ब्राह्मणी टोला में वाहन पार्किंग के विवाद में एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या के बाद मंगलवार को इलाके में तनावपूर्ण माहौल रहा। पोस्टमार्टम के बाद शिवाजी तिवारी (60), उनके भाई शंभू तिवारी (55) और बेटे सुयश तिवारी (30) के शव घर पहुंचे तो परिवार में कोहराम मच गया। आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया। हालात बिगड़ने पर मौके पर भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा। परिजनों और स्थानीय लोगों ने आरोपी के मकान पर बुलडोजर चलाने और एनकाउंटर की मांग करते हुए नारेबाजी की। इस दौरान आरोपी के घर के बाहर खड़े दोपहिया वाहन में तोड़फोड़ भी की गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और आरोपी के घर की सुरक्षा बढ़ा दी। परिजनों ने जिलाधिकारी और पुलिस आयुक्त को मौके पर बुलाने की मांग की। दोपहर करीब एक बजे जिलाधिकारी विशाख जी और पुलिस आयुक्त तरुण गाबा मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से बातचीत की, लेकिन काफी देर तक सहमति नहीं बन सकी।
फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई और रासुका के तहत कार्रवाई का भरोसा
दोपहर करीब सवा तीन बजे उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और भाजपा नेता नीरज सिंह पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। इस दौरान भी लोगों ने नारेबाजी कर अपना आक्रोश जताया। ब्रजेश पाठक ने आरोपियों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) के तहत कार्रवाई कराने और मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए। परिवार को सांत्वना देने के बाद उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और नीरज सिंह ने तीनों मृतकों की अर्थी को कंधा दिया। दोनों गुलाला घाट पर अंतिम संस्कार में भी शामिल हुए। घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात रहा। परिवार और स्थानीय लोग आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।
बच्ची की पढ़ाई का खर्च आजीवन उठाने का भरोसा
उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। उन्होंने परिवार की बच्ची की पढ़ाई का खर्च आजीवन उठाने और उसे नगर निगम में ओएसडी पद पर तैनाती दिलाने की व्यवस्था करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि बच्ची की शिक्षा और भविष्य सुरक्षित करने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। साथ ही, इस पहल को आने वाली पीढ़ियों के लिए नजीर बनाने की बात कही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *