इंदू मिल में डॉ.आंबेडकर स्मारक का काम 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य, मुख्यमंत्री फडणवीस ने दिए सख्त निर्देश

निर्माण में देरी पर जताई नाराजगी, ठेकेदार को संशोधित समय-सारिणी देने का आदेश, एमएमआरडीए रोजाना करेगी काम की निगरानी

मुंबई। भारतरत्न डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के इंदू मिल स्थित स्मारक का शेष निर्माण कार्य तेजी से पूरा कर वर्ष 2027 तक स्मारक तैयार करने के निर्देश मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने दिए हैं। उन्होंने ठेकेदार को संशोधित समय-सीमा निर्धारित कर उच्चाधिकार समिति के समक्ष रिपोर्ट पेश करने और मुंबई महानगर प्रदेश विकास प्राधिकरण (एमएमआरडीए) को प्रतिदिन निर्माण कार्य की निगरानी करने का आदेश दिया। गुरुवार को सह्याद्री अतिथिगृह में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में स्मारक की मौजूदा स्थिति, स्ट्रक्चरल स्टील फैब्रिकेशन, ब्रॉन्ज क्लैडिंग, निर्माण की गुणवत्ता, ठेकेदार की अतिरिक्त आर्थिक मांगों और काम पूरा करने की समय-सीमा पर चर्चा हुई। निर्माण में अपेक्षित गति नहीं होने पर मुख्यमंत्री ने नाराजगी जताते हुए स्पष्ट किया कि काम में देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि आर्थिक मांगों के कारण निर्माण कार्य रोकना उचित नहीं है। ठेकेदार की कार्यक्षमता और प्रतिबद्धता की जांच कर जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक एजेंसी नियुक्त करने सहित सख्त कार्रवाई पर भी विचार किया जाए। मुख्यमंत्री ने स्ट्रक्चरल स्टील और ब्रॉन्ज क्लैडिंग का काम समानांतर रूप से पूरा करने, आवश्यक सामग्री, मशीनरी और श्रमिकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा प्रत्येक चरण की जिम्मेदारी और समय-सीमा तय करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्मारक की संरचनात्मक गुणवत्ता, सुरक्षा और मजबूती से किसी तरह का समझौता नहीं करने को कहा। ठेकेदार की अतिरिक्त आर्थिक मांगों, जीएसटी दरों में बदलाव, महंगाई सूचकांक और अतिरिक्त कार्यों से जुड़े खर्च की तकनीकी एवं वित्तीय जांच करने के निर्देश भी दिए गए। सामाजिक न्याय मंत्री संजय शिरसाट ने कहा कि डॉ. आंबेडकर का इंदू मिल स्मारक जनभावनाओं से जुड़ा महत्वपूर्ण प्रकल्प है। इसे केवल निर्माण परियोजना नहीं, बल्कि सामाजिक महत्व के कार्य के रूप में देखते हुए जिम्मेदारी से पूरा करना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी कारण से दस महीने तक काम रोकना उचित नहीं है। सरकार आर्थिक दावों की नियमानुसार जांच करेगी, लेकिन इससे निर्माण कार्य प्रभावित नहीं होना चाहिए। बैठक में उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा अजित पवार, राज्यमंत्री माधुरी मिसाल, मंत्री संजय शिरसाट, सांस्कृतिक कार्य मंत्री एड. आशीष शेलार, बीएमसी आयुक्त अश्विनी भिडे, एमएमआरडीए आयुक्त डॉ. संजय मुखर्जी, वरिष्ठ अधिकारी, ठेकेदार कंपनी शापूरजी पालोनजी के प्रतिनिधि और परियोजना सलाहकार उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *