मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने 174 सरकारी सेवाओं और परियोजनाओं का किया डिजिटल लोकार्पण
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने विभागों को दिए निर्देश, अब तक 397 प्रशासनिक प्रक्रियाओं का पुनर्गठन, कागजी कार्रवाई और मानवीय हस्तक्षेप कम करने पर जोर

मुंबई। महाराष्ट्र में सरकारी सेवाओं को पारदर्शी, तेज और नागरिकों के लिए आसान बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने प्रशासनिक प्रक्रिया पुनर्गठन (जीपीआर) अभियान को गति देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि 26 जनवरी तक नागरिकों को डिजिटल गवर्नेंस का नया अनुभव मिलना चाहिए। इसके लिए सभी विभागों और जिला प्रशासन को समन्वय के साथ काम करना होगा। मुख्यमंत्री ने गुरुवार को सह्याद्री अतिथिगृह में राज्य सरकार की 174 सेवाओं और परियोजनाओं का डिजिटल लोकार्पण किया। इनमें मैत्री 2.0 की 76, आपले सरकार 2.0 की 74 और महाडीबीटी 2.0 की 24 सेवाएं शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रशासनिक प्रक्रिया पुनर्गठन के तहत निर्धारित 1,129 प्रक्रियाओं में से अब तक 397 पूरी हो चुकी हैं, यानी करीब 35 प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया गया है। इसके अलावा 729 शासन निर्णय जारी किए गए हैं और लगभग 350 सेवाओं को सुव्यवस्थित किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य ‘जीरो ब्यूरोक्रेसी’ है, जिसके तहत अनावश्यक प्रक्रियाएं, कागजी दस्तावेज और मानवीय हस्तक्षेप कम किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने 31 दिसंबर तक जरूरी तकनीकी कार्य पूरे करने और 24 दिसंबर तक कुछ अन्य महत्वपूर्ण सेवाएं शुरू करने के निर्देश भी दिए। डिजिटल व्यवस्था से बार-बार मांगे जाने वाले दस्तावेजों और अनावश्यक शपथपत्रों की जरूरत कम होगी। इसके लिए जिलाधिकारियों और जिला प्रशासन को सक्रिय भूमिका निभाने तथा शिकायत निवारण पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। इस अवसर पर आरटीएस 2.0, महाडीबीटी 2.0, मैत्री 2.0, महाउपलब्धी, सरकारी पत्रव्यवहार प्रबंधन प्रणाली, सरकारी आवास आवंटन प्रबंधन प्रणाली और महाराष्ट्र आधार डैशबोर्ड का भी लोकार्पण किया गया। महाउपलब्धी प्रणाली के माध्यम से पेंशनधारकों और सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को मोबाइल पर डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र बनाने की सुविधा मिलेगी। इससे उन्हें प्रमाणपत्र के लिए व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने की आवश्यकता कम होगी। पशुसंवर्धन मंत्री पंकजा मुंडे ने ग्रामीण युवाओं को उद्यमी बनाने के लिए ऑनलाइन योजना की जानकारी दी। इसके तहत अंडा, दूध, पोल्ट्री, मांस उत्पादन, बकरी पालन और सूअर पालन जैसे व्यवसायों को प्रोत्साहन मिलेगा। सामान्य लाभार्थियों को 50 प्रतिशत तथा महिलाओं और अनुसूचित जाति-जनजाति के लाभार्थियों को 75 प्रतिशत अनुदान देने का प्रावधान है। सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री एड. आशीष शेलार ने कहा कि डिजिटल सेवाओं के विस्तार से नागरिकों को सरकारी योजनाओं का लाभ तेजी और पारदर्शिता के साथ मिल सकेगा। मुख्य सचिव राजेश अग्रवाल ने बताया कि प्रशासनिक सुधारों के तहत अनावश्यक सेवाएं समाप्त करना, समान सेवाओं का एकीकरण, आवेदन और दस्तावेजों की संख्या घटाना, मंजूरी के चरण कम करना तथा अधिकारियों को अधिकारों का विकेंद्रीकरण करना शामिल है। अब तक 100 से अधिक अनावश्यक सेवाएं समाप्त की गई हैं और दस्तावेजों की आवश्यकता में 50 प्रतिशत से अधिक की कमी की गई है।
