मालाड में 20 वर्षीय युवक की संदिग्ध मौत, परिवार का आरोप— दोस्तों ने दिए ड्रग्स के कई इंजेक्शन

अप्पापाड़ा के BMC गार्डन की घटना, चार दोस्त हिरासत में, मौके से नशे से जुड़ी सामग्री और खाली इंजेक्शन की शीशियां मिलने की बात

मुंबई। मुंबई के मालाड स्थित कुरार विलेज इलाके में 20 वर्षीय अमन सोनी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई है। अमन के परिवार ने गंभीर आरोप लगाया है कि उसके कुछ दोस्त उसे घर से बुलाकर अप्पापाड़ा स्थित BMC गार्डन ले गए, जहां उसे कथित तौर पर ड्रग्स के कई इंजेक्शन दिए गए। तबीयत बिगड़ने के बावजूद उसे समय पर अस्पताल नहीं पहुंचाया गया। कुरार पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और अमन के चार दोस्तों को हिरासत में लिया गया है। परिवार के मुताबिक, क्रांति नगर इलाके में रहने वाले अमन के कुछ दोस्त उसे घर से बुलाकर अपने साथ ले गए थे। आरोप है कि वे उसे अप्पापाड़ा के BMC गार्डन में लेकर पहुंचे, जहां अमन को नशीले पदार्थ के कई इंजेक्शन दिए गए। इसके बाद उसकी हालत तेजी से बिगड़ने लगी। परिजनों का आरोप है कि अमन की गंभीर हालत देखने के बावजूद उसके साथ मौजूद युवकों ने तत्काल चिकित्सा सहायता नहीं ली। परिवार का कहना है कि यदि उसे समय रहते अस्पताल पहुंचाया जाता तो उसकी जान बच सकती थी। घटना से संबंधित बताया जा रहा एक वीडियो भी सामने आया है, जो वायरल हो रहा है। वीडियो में अमन कथित तौर पर नशे की हालत में तड़पता दिखाई दे रहा है और उसके आसपास कुछ युवक मौजूद नजर आ रहे हैं। हालांकि, वीडियो की सत्यता और उसमें दिखाई देने वाली परिस्थितियों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। परिवार के अनुसार, अमन पहले नशे की गिरफ्त में था, लेकिन दोस्तों से विवाद होने के बाद उसने कुछ समय के लिए नशा छोड़ दिया था। परिजनों का आरोप है कि कुछ महीनों बाद उसके दोस्त फिर उसे अपने साथ ले गए और इसी दौरान यह घटना हुई। अमन के साथ मौजूद अन्य युवकों के भी नशे की हालत में होने की बात सामने आई है। घटना की सूचना मिलने के बाद कुरार पुलिस ने जांच शुरू की और अमन के चार दोस्तों को हिरासत में लिया। वहीं, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही अमन की मौत के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा। अप्पापाड़ा स्थित BMC गार्डन में फॉरेंसिक टीम ने भी जांच की। घटनास्थल से नशे से संबंधित कुछ सामग्री और इंजेक्शन की खाली शीशियां मिलने की बात सामने आई है, जिनकी पुलिस जांच कर रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि अमन को गार्डन में कौन लेकर गया था, उसे किस तरह का नशीला पदार्थ दिया गया, इंजेक्शन किसने लगाया और उसकी हालत बिगड़ने के बाद उसे अस्पताल क्यों नहीं पहुंचाया गया। इसके साथ ही यह भी जांच का विषय है कि क्या अप्पापाड़ा के इस BMC गार्डन में पहले से नशीले पदार्थों का सेवन किया जा रहा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *