सुल्तानपुर में शिक्षक दंपती की हत्या का खुलासा, चोरी करते देख लिया तो कुल्हाड़ी से उतारा मौत के घाट
दो आरोपी गिरफ्तार, स्कूल में ही काम करता था एक आरोपी, लॉकर और CCTV की थी पूरी जानकारी, नकदी, आधार कार्ड और खून से सने कपड़े बरामद

सुल्तानपुर, उत्तर प्रदेश। कादीपुर थाना क्षेत्र के कुंभी डड़िया गांव में 28 सितंबर को हुई शिक्षक दंपती की हत्या का पुलिस ने सोमवार को खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी स्कूल में चोरी करने पहुंचे थे, लेकिन शिक्षक की पत्नी ने उन्हें पहचान लिया। पकड़े जाने के डर से आरोपियों ने पहले महिला और फिर उनके पति की हत्या कर दी। एसपी विनीत जायसवाल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुंभी डड़िया निवासी राकेश कुमार यादव और आशीष यादव के रूप में हुई है। दोनों पड़ोसी हैं। राकेश गांव के ही मुकेश सिंह के शिक्षण संस्थान में बस चलाने और कंप्यूटर पढ़ाने का काम करता था। इसी कारण उसे स्कूल के कार्यालय, लॉकर और CCTV कैमरों की स्थिति की जानकारी थी। आशीष उसका पड़ोसी और पट्टीदार है। पुलिस के अनुसार, दोनों ने स्कूल में चोरी की योजना बनाई और 28 सितंबर की रात वहां पहुंचे। कार्यालय में रखी चाबी से अलमारी का लॉकर खोलकर चोरी करते समय मुकेश सिंह की पत्नी विनिता सिंह ने उन्हें देख लिया और विरोध किया। पहचान उजागर होने के डर से आरोपियों ने कथित तौर पर उन पर हमला कर दिया। इसी दौरान मुकेश सिंह ने आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया और जान बचाने के लिए बाहर की ओर भागे। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने उनका पीछा किया और कुल्हाड़ी से वार कर उनकी भी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी लॉकर से ₹34,960 नकद, विनिता सिंह का मोबाइल फोन और आधार कार्ड लेकर फरार हो गए। पुलिस का कहना है कि राकेश ने मृतका के मोबाइल फोन से उसी रात कई बार पैसों का लेन-देन भी किया। बाद में पकड़े जाने के डर से मोबाइल फोन कुएं में फेंक दिया गया। मामले की जांच में फील्ड यूनिट की मदद से घटनास्थल से वैज्ञानिक और फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाए गए। जांच के बाद पुलिस ने सोमवार को दोनों आरोपियों को कादीपुर के बूढ़ाना पुल के पास बड़ी नहर पुलिया के निकट से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल रक्तरंजित फावड़ा और कुल्हाड़ी, चोरी किए गए ₹34,960, मृतका का आधार कार्ड तथा घटना के समय आरोपियों द्वारा पहने गए कपड़े बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, बरामद कपड़ों पर खून के निशान भी मिले हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या समेत संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है।
