जनगणना-2027 की शुरुआत, कोई भी पात्र व्यक्ति गणना से न छूटे : मुख्यमंत्री योगी
16 से 30 नवंबर तक स्वगणना, 1 दिसंबर से घर-घर पहुंचेगी जनगणना टीम; 40 महत्वपूर्ण बिंदुओं पर जुटाई जाएगी जानकारी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को जनगणना-2027 के दूसरे चरण के तहत स्वगणना और घर-घर जाकर जानकारी जुटाने की प्रक्रिया का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जनगणना में समाज का कोई भी पात्र व्यक्ति छूटना नहीं चाहिए, क्योंकि सही और सटीक आंकड़े ही प्रदेश के समग्र विकास की योजनाओं का आधार बनते हैं। आंकड़ों के आधार पर ही यह तय किया जा सकेगा कि प्रदेश के किन क्षेत्रों में स्कूल, स्वास्थ्य केंद्र, सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं की आवश्यकता है।
16 नवंबर से स्वगणना, दिसंबर से घर-घर सर्वेक्षण
लोक भवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने बताया कि देश की सबसे बड़ी आबादी वाले राज्य उत्तर प्रदेश से इस बड़े अभियान की शुरुआत हो रही है। प्रदेश में 16 से 30 नवंबर तक स्वगणना की प्रक्रिया चलेगी। इसके बाद 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक जनगणना कर्मी घर-घर जाकर लोगों की जानकारी एकत्र करेंगे। अन्य राज्यों में यह प्रक्रिया फरवरी में शुरू होगी।
मुख्यमंत्री के अनुसार, जनगणना कर्मी धर्म, जाति, शिक्षा, व्यवसाय और मातृभाषा सहित 40 महत्वपूर्ण बिंदुओं पर जानकारी जुटाएंगे। उन्होंने कहा कि आंकड़ों में छूट जाने वाला व्यक्ति कई बार सरकारी योजनाओं के लाभ से भी वंचित रह जाता है। इसलिए प्रत्येक पात्र व्यक्ति की जानकारी सही तरीके से दर्ज होना जरूरी है।
सटीक आंकड़ों के अभाव में वंचित रह जाते हैं जरूरतमंद
योगी आदित्यनाथ ने अपने पुराने अनुभवों का उल्लेख करते हुए मुसहर समुदाय का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि यह समुदाय समाज के सबसे वंचित वर्गों में शामिल था। इसके अनेक परिवारों के पास न पक्के मकान थे और न ही राशन कार्ड। यदि पिछली जनगणनाओं में उनकी सामाजिक और आर्थिक स्थिति का सही आकलन किया गया होता, तो उन्हें पहली पंचवर्षीय योजना के समय से ही सरकारी योजनाओं का लाभ मिलना शुरू हो जाता। मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2017 में प्रदेश में सरकार बनने के बाद ऐसे वंचित वर्गों की स्थिति को ध्यान में रखते हुए अलग से योजनाएं तैयार की गईं और उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया गया।
जनगणना कर्मियों से विनम्रता और सावधानी बरतने की अपील
मुख्यमंत्री ने अभियान से जुड़े अधिकारियों, पर्यवेक्षकों और कर्मचारियों को निर्देश दिया कि वे घर-घर जाकर लोगों से संपर्क करते समय विनम्रता और धैर्य का परिचय दें। उन्होंने कहा कि जनगणना कर्मियों को स्वयं को एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य के प्रतिनिधि के रूप में प्रस्तुत करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कई बार लोग अपनी व्यक्तिगत जानकारी साझा करने में संकोच या भय महसूस करते हैं। ऐसे में जनगणना कर्मियों को उन्हें भरोसा दिलाना चाहिए कि उनके द्वारा दी गई जानकारी पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और इसका उपयोग देश के विकास की योजनाएं तैयार करने में किया जाएगा।
एक गलती भी प्रभावित कर सकती है विकास की योजनाएं
योगी आदित्यनाथ ने आगाह किया कि जनगणना के आंकड़ों में एक छोटी-सी गलती भी देश और प्रदेश की भविष्य की योजनाओं को प्रभावित कर सकती है। इसलिए इस राष्ट्रीय कार्य को पूरी ईमानदारी, सतर्कता और सावधानी के साथ पूरा किया जाना चाहिए। उन्होंने सभी पात्र नागरिकों से जनगणना प्रक्रिया में सहयोग करने की अपील की।
