अकोला में शिंदे की शिवसेना को मजबूती, मूर्तिजापुर के पांच निर्दलीय पार्षद पार्टी में शामिल

उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की मौजूदगी में हुआ प्रवेश, नगर परिषद में बदला सियासी समीकरण, पूर्व पदाधिकारी शिवा मोहोड ने भी थामा शिवसेना का दामन

अकोला। महाराष्ट्र के अकोला जिले में एकनाथ शिंदे की शिवसेना को बड़ी राजनीतिक मजबूती मिली है। मूर्तिजापुर नगर परिषद के पांच निर्दलीय पार्षदों ने अपने समर्थकों के साथ शिवसेना में प्रवेश किया। उपमुख्यमंत्री और शिवसेना के मुख्य नेता एकनाथ शिंदे की मौजूदगी में हुए इस दल-बदल से स्थानीय राजनीति में नए समीकरण बनने लगे हैं। शिवसेना में शामिल होने वाले पार्षदों में संदीप दौलतराव सरनाईक, सारिता काळे पाटील, पूनम रवी मोडक, ममता कैलास महाजन और शुभांगी संदीप सरनाईक शामिल हैं। बताया जाता है कि इन पार्षदों ने अक्टूबर की शुरुआत में शिंदे के करीबी सहयोगी एड. निलेश देशमुख से मुलाकात की थी। इसके बाद पार्टी में शामिल होने का निर्णय लिया। इसके अलावा अकोला के शिवा मोहोड ने भी शिवसेना का दामन थाम लिया। मोहोड राष्ट्रवादी युवक कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष, महानंद और अकोला जिला दूध संघ के संचालक, शिवसंग्राम के जिला अध्यक्ष तथा अकोला महानगरपालिका के पूर्व निर्माण सभापति रह चुके हैं। शिंदे ने सभी नए सदस्यों का स्वागत करते हुए उन्हें शिवबंधन बांधा।
मूर्तिजापुर नगर परिषद में बदलेगा समीकरण
मूर्तिजापुर नगर परिषद में कुल 25 सीटें हैं। अब तक भाजपा के 11, शिंदे गुट की शिवसेना के 7, वंचित बहुजन आघाड़ी के 5 और शरद पवार गुट की राष्ट्रवादी कांग्रेस के 2 पार्षद थे। पांच निर्दलीय पार्षदों के शिवसेना में शामिल होने से पार्टी की संख्या बढ़कर 12 हो गई है। इससे नगर परिषद में भाजपा के मुकाबले शिंदे गुट की स्थिति मजबूत हुई है। इस राजनीतिक घटनाक्रम के बाद अकोला जिले में आगे और नेताओं के शिवसेना में शामिल होने की अटकलें तेज हो गई हैं। हालांकि, आगामी दिनों में होने वाले संभावित प्रवेश को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *