
गोरखपुर: मुंबई से गोरखपुर आ रही इंडिगो की फ्लाइट में उस समय हड़कंप मच गया जब यात्रियों ने शौचालय से धुआं निकलता देखा। यात्रियों ने क्रू मेंबर को इसकी जानकारी दी। जांच में एक युवक शौचालय में सिगरेट पीते पकड़ा गया। फ्लाइट के गोरखपुर पहुंचने पर गोपालगंज के रहने वाले युवक को कैंट थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इंडिगो के सुरक्षा प्रभारी ने उसके विरुद्ध फ्लाइट में सफर कर रहे यात्रियों का जीवन खतरे में डालने का मुकदमा दर्ज किया है।
शौचालय से धुआं निकलता देख उड़े यात्रियों के होश
इंडिगो की फ्लाइट शाम 5:30 बजे मुंबई से गोरखपुर पहुंचती है। आधे घंटे बाद यहां से वापस जाती है। गुरुवार की शाम को गोरखपुर में फ्लाइट की लैडिंग होने से कुछ देर पहले एक युवक शौचालय की ओर गया। कुछ देर बाद दरवाजे के रास्ते धुंआ निकलता देख सफर कर रहे लोग डर गए। इसकी जानकारी क्रू मेंबर को दी तो उन्होंने जाकर जांच की। दरवाजा खुलवाने पर बिहार के गोपालगंज जिला स्थित पुरैना महेशपुर निवासी कृष्ण कुमार मिश्रा सिगरेट पीते मिला। क्रू मेंबर से हाथ से सिगरेट लेकर बुझा दिया।
क्या कहती है पुलिस
विमान के लैंड होने के बाद कृष्ण कुमार बाहर निकला तो एयरपोर्ट सुरक्षा के अधिकारियों ने हिरासत में ले लिया। एसपी सिटी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि इंडिगो के सुरक्षा अधिकारी सत्येंद्र कुमार ने युवक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया है। कैंट थाना पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। शुक्रवार को उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा।
बड़ा सवाल कैसे लेकर चला आया लाइटर
कैंट थाना पुलिस ने युवक से पूछताछ की तो उसने बताया कि सिगरेट पीने के लिए वह लाइटर लेकर आया था। चेकिंग के दौरान किसी ने रोका नहीं था, इसलिए लगा कि सिगरेट पीने की मनाही नहीं है। मुंबई एयरपोर्ट पर भी कई यात्रियों को उसने सिगरेट पीते देखा था।