मुंबई में रेबीज उन्मूलन अभियान के दूसरे चरण की शुरुआत, 2025 में रेबीज से एक भी मौत दर्ज नहीं

विश्व रेबीज दिवस पर महापौर रितु तावडे ने किया शुभारंभ; BMC के पशु चिकित्सा स्वास्थ्य विभाग के प्रयासों की सराहना

मुंबई। विश्व रेबीज दिवस के अवसर पर बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) के ‘मुंबई रेबीज उन्मूलन परियोजना-चरण 2’ (Mumbai Rabies Elimination Project – Phase 2) का शुभारंभ किया गया। भायखला स्थित वीरमाता जिजाबाई भोसले वनस्पति उद्यान एवं प्राणी संग्रहालय में आयोजित कार्यक्रम में मुंबई की महापौर रितु तावडे ने परियोजना के दूसरे चरण की शुरुआत की और इससे संबंधित जानकारी पुस्तिका का विमोचन किया। महापौर रितु तावडे ने मुंबई महानगरपालिका क्षेत्र में रेबीज उन्मूलन अभियान के तहत पशु चिकित्सा स्वास्थ्य विभाग द्वारा किए जा रहे विशेष प्रयासों की सराहना की। उन्होंने इस बात पर भी प्रसन्नता जताई कि वर्ष 2025 में मुंबई में रेबीज के कारण एक भी मृत्यु दर्ज नहीं हुई। इस उपलब्धि के लिए उन्होंने अभियान से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी। मुंबई रेबीज उन्मूलन परियोजना के दूसरे चरण के माध्यम से महानगर में रेबीज की रोकथाम और उसके उन्मूलन के प्रयासों को आगे बढ़ाया जाएगा। कार्यक्रम में रेबीज के प्रति जनजागरूकता और इससे बचाव के महत्व पर भी जोर दिया गया। इस अवसर पर अतिरिक्त महानगरपालिका आयुक्त (शहर) प्राजक्ता वर्मा-लवंगारे, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के राष्ट्रीय रोग नियंत्रण कार्यक्रम के संयुक्त निदेशक डॉ. अजित शेवाळे, उपायुक्त (विशेष) विनायक विसपुते, मुंबई पशु चिकित्सा महाविद्यालय के सह-अधिष्ठाता डॉ. शैलेश इंगोले, डब्ल्यूवीएस यूके मिशन रेबीज के निदेशक डॉ. एंडी गिब्सन, महानगरपालिका के पशु चिकित्सा स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख डॉ. कलिमपाशा पठाण तथा वीरमाता जिजाबाई भोसले वनस्पति उद्यान एवं प्राणी संग्रहालय के निदेशक डॉ. संजय त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *