शिक्षा क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रा. डॉ. मंगेश कराड को ‘मराठवाड़ा रत्न’ पुरस्कार

परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक, सांसद नरेश म्हस्के, डॉ. महेंद्र कल्याणकर सहित कई गणमान्य रहे उपस्थित

ठाणे/पुणे। शैक्षणिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए एमआईटी आर्ट, डिजाइन एंड टेक्नोलॉजी (एमआईटी एडीटी) विश्वविद्यालय के कार्याध्यक्ष प्रा. डॉ. मंगेश कराड को प्रतिष्ठित ‘मराठवाड़ा रत्न’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया। मराठवाड़ा जनविकास परिषद, ठाणे की ओर से आयोजित मराठवाड़ा मुक्ति संग्राम समारोह में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया। ठाणे के तालाबपाली स्थित राम गणेश गडकरी रंगायतन में आयोजित समारोह में महाराष्ट्र के परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक, ठाणे के सांसद नरेश म्हस्के, विधायक संजय केळकर और मुंबई एसआरए के सीईओ डॉ. महेंद्र कल्याणकर सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। मराठवाड़ा जनविकास परिषद के अध्यक्ष अण्णासाहेब टेकाळे और वरिष्ठ उपाध्यक्ष नितीन कदम ने प्रा. डॉ. कराड को सम्मानित किया। मराठवाड़ा जनविकास परिषद पिछले 17 वर्षों से मराठवाड़ा के नागरिकों के सामाजिक, शैक्षणिक और सर्वांगीण विकास के लिए विभिन्न गतिविधियां संचालित कर रही है। संस्था की ओर से प्रतिवर्ष मराठवाड़ा बहुभाषिक दिवस समारोह का आयोजन किया जाता है। इस वर्ष शैक्षणिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान को देखते हुए प्रा. डॉ. मंगेश कराड का चयन ‘मराठवाड़ा रत्न’ पुरस्कार के लिए किया गया। सम्मान प्राप्त करने के बाद प्रा. डॉ. मंगेश कराड ने कहा कि मराठवाड़ा केवल एक भौगोलिक क्षेत्र नहीं, बल्कि त्याग, पराक्रम, अध्यात्म और संघर्ष के गौरवशाली इतिहास वाली भूमि है। महाराष्ट्र के सांस्कृतिक और राजनीतिक विकास में मराठवाड़ा का योगदान अतुलनीय रहा है। मराठवाड़ा की भूमि से जुड़े व्यक्ति के रूप में ‘मराठवाड़ा रत्न’ सम्मान मिलना उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि माईर्स एमआईटी शिक्षण समूह के संस्थापक अध्यक्ष प्रा. डॉ. विश्वनाथ दा. कराड के आशीर्वाद और मार्गदर्शन में एमआईटी एडीटी विश्वविद्यालय द्वारा किए जा रहे शैक्षणिक कार्यों को इस पुरस्कार के रूप में मान्यता मिली है। प्रा. डॉ. कराड ने कहा कि शैक्षणिक क्षेत्र में योगदान के लिए मिला यह सम्मान केवल उनका व्यक्तिगत सम्मान नहीं है, बल्कि कराड परिवार के साथ एमआईटी एडीटी विश्वविद्यालय के सभी शिक्षक और शिक्षकेतर कर्मचारियों का भी गौरव है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *