रुपाली चाकणकर ने कराया नाम, फोटो और निजी शैली का ट्रेडमार्क पंजीकरण
‘महाराष्ट्र एपस्टीन फाइल्स’ फिल्म में उनकी नकल किए जाने की चर्चा के बीच उठाया कदम; बिना अनुमति इस्तेमाल पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी

मुंबई। अशोक खरात प्रकरण को लेकर चर्चा में आईं महाराष्ट्र राज्य महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष रुपाली चाकणकर ने अब अपने नाम, फोटो, पहचान और व्यक्तिगत शैली का ट्रेडमार्क पंजीकरण कराया है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि उनकी पूर्व अनुमति के बिना उनके नाम, फोटो या विशिष्ट शैली का इस्तेमाल रील, वीडियो, फिल्म, टीजर अथवा प्रचार सामग्री में करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। दरअसल, अशोक खरात पर कई महिलाओं के यौन शोषण के आरोप सामने आए थे। इस मामले में कुछ वीडियो भी चर्चा में आए थे। खरात पर दैवी शक्तियां होने का दावा कर लोगों से करोड़ों रुपये जुटाने के आरोप भी लगे। इसी प्रकरण की पृष्ठभूमि पर ‘महाराष्ट्र एपस्टीन फाइल्स’ नाम से फिल्म बनाए जाने की चर्चा है। बताया जा रहा है कि इस फिल्म में रुपाली चाकणकर की भूमिका अभिनेत्री दीपाली सय्यद निभा रही हैं। उनके अभिनय और बोलने के अंदाज को चाकणकर की शैली से मिलता-जुलता बताया जा रहा है।
बिना अनुमति व्यावसायिक इस्तेमाल पर कार्रवाई की चेतावनी
अशोक खरात प्रकरण में नाम आने के बाद रुपाली चाकणकर को अपने पद से इस्तीफा देना पड़ा था। अब उन्होंने अपनी पहचान और व्यक्तिगत शैली के इस्तेमाल को लेकर कानूनी कदम उठाया है। चाकणकर के अनुसार, उनकी पूर्व अनुमति के बिना कोई भी व्यक्ति उनके नाम, फोटो, पहचान या विशिष्ट शैली का अपने फायदे अथवा व्यावसायिक उद्देश्य से उपयोग नहीं कर सकेगा।
एक्स पोस्ट के जरिए दी चेतावनी
चाकणकर ने अपनी एक्स पोस्ट में कहा कि उनके नाम, फोटो, पहचान, व्यक्तिगत शैली और स्वयं को प्रस्तुत करने के विशिष्ट तरीके का ट्रेडमार्क पंजीकरण कराया गया है। उनकी पूर्व अनुमति के बिना इनका इस्तेमाल किसी भी फोटो, वीडियो, फिल्म, रील, टीजर, प्रमोशन या अन्य सामग्री के निर्माण, उपयोग अथवा प्रकाशन के लिए नहीं किया जा सकता। उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसा करने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। आपत्तिजनक या कथित गैरकानूनी सामग्री जब्त करने की मांग भी की जाएगी और संबंधित व्यक्ति को फौजदारी तथा दीवानी कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है।
