पूर्वोत्तर के विकास के साथ सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण भी जरूरी : राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा

मुंबई। पूर्वोत्तर भारत का विकास करते समय वहां की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं और विशिष्ट पहचान को संरक्षित रखना बेहद जरूरी है। विकास और सांस्कृतिक विरासत के बीच संतुलन बनाकर पूर्वोत्तर को देश की विकासधारा से मजबूती से जोड़ने की आवश्यकता है। शनिवार को यह बात राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने राष्ट्रीय शेयर बाजार में आयोजित ‘नमस्ते पुरस्कार 2026’ समारोह को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि पूर्वोत्तर भारत में सड़क, रेल और हवाई परिवहन सहित बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। अब इन सुविधाओं का उपयोग उद्योग, निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा करने के लिए किया जाना चाहिए। राज्यपाल ने मुंबई और पूर्वोत्तर भारत के बीच आर्थिक, सांस्कृतिक एवं भावनात्मक संबंधों को और मजबूत बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि मुंबई देश की आर्थिक राजधानी है और पूर्वोत्तर की विकास यात्रा में स्थानीय पहचान तथा परंपराओं का संरक्षण भी बुनियादी सुविधाओं के विस्तार जितना ही महत्वपूर्ण है। समारोह में प्रसिद्ध रेशम उत्पादन वैज्ञानिक एवं पद्मश्री डॉ. जोगेश देउरी को जीवनगौरव पुरस्कार से सम्मानित किया गया। नागालैंड की ‘रुझा कृषि पद्धति’ को सतत विकास और पर्यावरण संरक्षण में योगदान के लिए पुरस्कार प्रदान किया गया। अरुणाचल प्रदेश की दिमुम पेर्टिन को पारंपरिक खेती, मोटे अनाज के संरक्षण और महिला सशक्तीकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। वहीं, मणिपुर के युमनाम भूमेश्वर सिंह को नाट-संकीर्तन और पारंपरिक पुंग वाद्य के संरक्षण तथा मिजोरम के सेरछिप जिले के उपायुक्त पॉल एल. खुमा को उत्कृष्ट जनसेवा एवं प्रशासनिक कार्यों के लिए विशेष सम्मान दिया गया। इस अवसर पर कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री मंगलप्रभात लोढ़ा, राज्यपाल के सचिव डॉ. प्रशांत नारनवरे, राज्य गुप्तवार्ता विभाग के आयुक्त शिरीष जैन, अमेजिंग नमस्ते फाउंडेशन के अध्यक्ष अतुल कुलकर्णी तथा पूर्वोत्तर भारत के विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
