राज्यसभा चुनाव: भाजपा के सभी आठ प्रत्याशियों ने किया नामांकन, सीएम योगी ने दी शुभकामनाएं

भाजपा प्रदेश मुख्यालय में ढोल-नगाड़ों के साथ हुआ स्वागत, सपा तीसरा उम्मीदवार नहीं उतारेगी, 16 अक्टूबर को मतदान

लखनऊ, उत्तर प्रदेश। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में राज्यसभा चुनाव के लिए मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी के सभी आठ प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया। नामांकन के अंतिम दिन भाजपा प्रत्याशी धर्मपाल सिंह, राधाकांत ओझा, प्रकाश पाल, विद्यासागर सोनकर, गोपी कृष्ण पांडेय, प्रियंका सिंह रावत, रामप्रताप सिंह चौहान और श्रुति गंगवार ने विधान भवन पहुंचकर अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी प्रत्याशियों को शुभकामनाएं दीं। नामांकन के दौरान केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक सहित योगी सरकार के कई मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इनमें सुरेश खन्ना, राकेश सचान, आशीष पटेल, डॉ. संजय निषाद, कपिलदेव अग्रवाल, जेपीएस राठौर, दिनेश प्रताप सिंह, गिरीश चंद्र यादव, ब्रजेश सिंह, सतीश चंद्र शर्मा, रजनी तिवारी और बलदेव सिंह औलख शामिल रहे। मंगलवार सुबह भाजपा के सभी आठ प्रत्याशी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय पहुंचे। वहां बड़ी संख्या में मौजूद कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ उनका स्वागत किया। इसके बाद सभी प्रत्याशी समर्थकों और पार्टी नेताओं के साथ विधान भवन के लिए रवाना हुए और नामांकन दाखिल किया। राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 6 अक्टूबर है। नामांकन पत्रों की जांच 7 अक्टूबर को होगी, जबकि 9 अक्टूबर तक उम्मीदवार अपना नाम वापस ले सकेंगे। मतदान 16 अक्टूबर को निर्धारित है। समाजवादी पार्टी की ओर से रामगोपाल यादव और धनराज परिमल नाथवाणी पहले ही नामांकन दाखिल कर चुके हैं। मंगलवार को सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने स्पष्ट किया कि पार्टी तीसरा प्रत्याशी मैदान में नहीं उतारेगी। इसके बाद उत्तर प्रदेश की 10 राज्यसभा सीटों के चुनाव का मौजूदा मुकाबला और स्पष्ट हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *